उत्तराखंड में अब बढ़ेगी ठंड,, 8 जिलों में बारिश और ऊंचाई पर बर्फबारी के आसार


देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है। पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक ठंडी हवाओं ने लोगों को सुबह और शाम गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है। मौसम के इस बदले मिजाज के बीच अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार, 12 और 13 अक्टूबर को नैनीताल, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ सहित पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। वहीं, 3,800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
दो दिन में गिरा पारा, ऊंची चोटियों पर चौथी बर्फबारी
तापमान में गिरावट का असर भी दिखाई देने लगा है। टिहरी और अल्मोड़ा में दो दिनों के भीतर पारा करीब 6 से 7 डिग्री तक नीचे आने की जानकारी है। पिथौरागढ़ के ज्योलिंगकोंग, कालापानी और नाभीढांग में इस सीजन की चौथी बर्फबारी दर्ज की गई। उत्तरकाशी में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से सुबह-शाम सर्दी बढ़ गई है।
इससे पहले रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदला। केदारनाथ और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि नैनीताल में भारी ओलावृष्टि और देहरादून-मसूरी में तेज बारिश हुई। ऋषिकेश में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। रुद्रपुर में बूंदाबांदी और रुड़की में भी बारिश दर्ज की गई।
17 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम ?
12 और 13 अक्टूबर : देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में बारिश के आसार हैं। 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
14 अक्टूबर : प्रदेश के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
15 अक्टूबर : कुमाऊं के कुछ क्षेत्रों और गढ़वाल के पहाड़ी इलाकों में बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
16 अक्टूबर : उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
17 अक्टूबर : इन जिलों में बारिश और 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली भी चमक सकती है।
बदलते मौसम में बरतें सावधानी
मौसम में बदलाव के साथ तापमान में और गिरावट महसूस हो सकती है। ऐसे में सुबह-शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही निकलें। ऊंचाई वाले इलाकों में जाने वालों को बारिश, बर्फबारी और फिसलन को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com


अयोध्यापुरी से जनकपुरी तक धूमधाम से निकली प्रभु श्री राम जी की भव्य बारात_ हल्द्वानी
उत्तराखंड में अब बढ़ेगी ठंड,, 8 जिलों में बारिश और ऊंचाई पर बर्फबारी के आसार
हल्दीखाल में बरसाती नाले की कटान से हुआ हादसा,, लोडेड डंपर पलटा, चालक घायल
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के शैक्षिक व्याख्यान अब हर रविवार दूरदर्शन उत्तराखण्ड पर
सड़क हादसे में घायल व्यक्ति के लिए फरिश्ता बने CPU के रोहित और औसाफ़_Video