हल्द्वानी_ महापंचायत में बड़ा ऐलान, GST कार्यवाही के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे व्यापारी..

ख़बर शेयर करें

व्यापारियों का आरोप- दुकानों में घुसकर धमकाया जा रहा, पुलिस बुलाकर बनाया जा रहा दबाव, अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी

हल्द्वानी। त्योहारी सीजन से पहले जीएसटी विभाग की कार्रवाई को लेकर हल्द्वानी के व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। प्रान्तीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से आयोजित महापंचायत में व्यापारियों ने जीएसटी विभाग पर अनावश्यक उत्पीड़न, कथित दबाव बनाने और दुकानों में जाकर व्यापारियों को डराने के आरोप लगाए। बैठक में व्यापारियों ने साफ कहा कि यदि इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो वे अपने प्रतिष्ठान अनिश्चितकाल के लिए बंद कर सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।

महापंचायत में व्यापारियों ने आरोप लगाया कि जीएसटी विभाग के कुछ अधिकारी दुकानों में पहुंचकर व्यापारियों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हैं। व्यापारियों का कहना था कि जांच और कार्रवाई के नाम पर पुलिस बुलाकर दबाव बनाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। इसे लेकर मौजूद व्यापारियों ने विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।

23 सितंबर को जीएसटी कार्यालय घेराव

महापंचायत में सर्वसम्मति से बुधवार, 23 सितंबर को जीएसटी कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम घोषित किया गया। व्यापारियों ने कहा कि उनका विरोध कर व्यवस्था या टैक्स भुगतान के खिलाफ नहीं है, बल्कि उनका सवाल कार्रवाई के तरीके और कथित उत्पीड़न को लेकर है।

व्यापारियों ने चेतावनी दी कि त्योहारी सीजन में यदि किसी व्यापारी के प्रतिष्ठान में इसी तरह की कथित बदसलूकी की गई तो उसका विरोध किया जाएगा और अधिकारियों को प्रतिष्ठानों में प्रवेश नहीं करने देने का निर्णय लिया जा सकता है।

महापंचायत में व्यापारियों ने कहा कि कारोबार पहले ही कई तरह की चुनौतियों से गुजर रहा है। ऐसे में लगातार विभागीय दबाव की शिकायतों से व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते मामले में हस्तक्षेप नहीं किया तो व्यापारी अनिश्चितकालीन बाजार बंद और आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।

व्यापारियों ने सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव का भी हवाला देते हुए कहा कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे चुनाव के दौरान सरकार के सामने अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

पूरे प्रदेश में आंदोलन की तैयारी

महापंचायत में हल्द्वानी के अलावा खटीमा, रुद्रपुर, काशीपुर और रामनगर से भी व्यापारी प्रतिनिधि शामिल हुए। संगठन ने संकेत दिया कि जीएसटी विभाग की कार्रवाई को लेकर जल्द ही प्रदेशभर में विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महापंचायत में यह मांग भी उठी कि सरकार टैक्स विभाग के अधिकारियों की संपत्तियों और उनके परिजनों तथा करीबी लोगों से जुड़े संपत्ति मामलों की जांच कराए। यह मांग व्यापारियों की ओर से रखी गई है।

महापंचायत में जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष प्रदीप सब्बरवाल, आलू-फल आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष कैलाश जोशी, मर्चेंट एसोसिएशन के रोहित गर्ग, इलेक्ट्रिक एसोसिएशन से मदन फर्त्याल, कैटर्स एसोसिएशन से रूपेंद्र नागर, स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन से हरीश कपिल, कमल मेहरा, प्रदीप मेहरा और हरिमोहन अरोड़ा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला कोषाध्यक्ष लाला जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट , अतुल प्रताप सिंह , अरविंद चौहान, महानगर महामंत्री मनोज जायसवाल, नगर संगठन मंत्री उपेंद्र कनवाल और प्रचार मंत्री संदीप सक्सेन सहित अन्य व्यापारी शामिल हुए। बैठक का संचालन जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे ने किया।

Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *