हल्द्वानी-लालकुआं में खाद्य विभाग का छापा, घी-किशमिश और बेसन के नमूने भेजे

ADVERTISEMENTS Ad Ad
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी, त्योहारों और बढ़ती खाद्य मांग के बीच मिलावटखोरी पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर टीमों ने कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।

अभियान का मुख्य उद्देश्य बाजार में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचना और लोगों तक सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाना रहा।

हल्द्वानी में घी और किशमिश के नमूने लिए

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान देशी घी और किशमिश के विधिक नमूने नियमानुसार लिए गए।

देशी घी का नमूना रामपुर रोड स्थित मैसर्स श्री शिवशक्ति इंटरप्राइजेज से लिया गया, जबकि किशमिश का नमूना नल बाजार स्थित मैसर्स चिरंजीवीलाल से संग्रहित किया गया।

जांच के दौरान किशमिश की पैकेजिंग और लेबलिंग से संबंधित अनियमितता भी सामने आई। विभाग के अनुसार संबंधित कंपनी और डिस्ट्रीब्यूटर द्वारा बेची जा रही किशमिश में लेबलिंग नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आने पर मिसब्रांडिंग के तहत चालानी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रस्तावित की गई है।

सभी विधिक नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है।

लालकुआं में भी चला सघन निरीक्षण

लालकुआं और हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में भी खाद्य सुरक्षा टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान 7 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और बेसन का एक विधिक नमूना जांच के लिए लिया गया।

बेसन का नमूना हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र के हरिपुर रतनसिंह स्थित मैसर्स भट्ट जनरल स्टोर से लिया गया।

टीम ने रामपुर-लालकुआं मार्ग और सनेस मंडी, लालकुआं समेत विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

कारोबारियों को दी साफ-सफाई की हिदायत

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जरूरी सावधानियों को लेकर भी जागरूक किया गया। दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए।

विभाग ने साफ किया कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटी, असुरक्षित और गलत लेबल वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इसी क्रम में 31 अगस्त को रामनगर क्षेत्र में भी दो खाद्य कारोबारियों के खिलाफ चालानी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नैनीताल जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच में लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *