Haldwani_बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती, बनभूलपुरा में छापा


Haldwani—बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती, बनभूलपुरा में बिना पंजीकरण संचालित संस्था पर आयोग का छापा
हल्द्वानी। उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश रजवार के नेतृत्व में बुधवार को चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल कल्याण समिति, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल और पुलिस की संयुक्त टीम ने नैनीताल जिले में विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य बाल संरक्षण संस्थाओं की व्यवस्थाओं और बच्चों की सुरक्षा संबंधी मानकों की जांच करना था।
निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन हल्द्वानी के निकट गफूर बस्ती में संचालित एक गैर-सरकारी संस्था की जांच की गई। टीम के अनुसार मौके पर मौजूद कर्मी मीना सिंह ने बताया कि संस्था का संचालन फादर पाइस द्वारा किया जाता है तथा इसके संचालन के लिए मिशनरी से आर्थिक सहायता प्राप्त होती है।
निरीक्षण के समय संस्था में पांच बालिकाएं और छह बालक मौजूद मिले। संयुक्त टीम ने संस्था से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन मौके पर कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि संस्था किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के तहत पंजीकृत नहीं है।
टीम ने यह भी पाया कि बच्चों के रहने और बैठने की व्यवस्था निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं थी। जांच के दौरान यह जानकारी भी मिली कि संस्था में रह रहे कुछ बच्चे पहले से विभिन्न विद्यालयों में पंजीकृत हैं।
आयोग के सदस्य योगेश रजवार ने बाल कल्याण समिति और चाइल्ड हेल्पलाइन को मामले की विस्तृत जांच कर दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल को संस्था और उसके संचालकों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।
योगेश रजवार ने कहा कि बिना वैधानिक पंजीकरण के बच्चों से संबंधित किसी संस्था का संचालन अत्यंत गंभीर मामला है और इससे बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था के संचालन, वित्तीय सहायता और अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से समझौता करने वाली अवैध संस्थाओं के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले में इस तरह की संस्थाओं का औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल से रेणु अधिकारी, गोविंद, बनभूलपुरा थाने से एसआई ज्योति कोरंगा, चाइल्ड हेल्पलाइन से जिला समन्वयक किरण पंत, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से उमा भंडारी तथा बाल कल्याण समिति से गणेश बिष्ट, ललित, सरिता, बीना, सूरज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com




कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंडी बोर्ड की योजनाओं का लिया हिसाब..
पिता को बचाने दौड़ी 12 साल की बेटी, करंट ने दोनों की जिंदगी छीन ली_haldwani
उत्तराखंड में नॉन स्टॉप बारिश जारी, इस जिले छुट्टी के आदेश..
सबके सामने शिकार_जंगल में रगड़ ले गया बाघ Video @ Corbett National Park
पहचान साबित करने निकला बुजुर्ग_ 8 दिन से लापता