Haldwani_ मुख्यमंत्री धामी का बड़ा बयान_नमाज के लिए किसी को मनाही नहीं है, लेकिन..

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी :
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को जनपद नैनीताल दौरे पर हल्द्वानी पहुंचे, जहाँ उन्होंने हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए जनसमस्याओं के त्वरित और संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जनता को राहत पहुंचाना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

पेयजल, सड़क और बिजली व्यवस्था पर सख्त निर्देश

बैठक में पेयजल संकट, ग्रामीण सड़कों की खराब स्थिति, विद्युत आपूर्ति और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम को गर्मी के मौसम को देखते हुए जरूरत पड़ने पर टैंकरों की व्यवस्था करने तथा खराब हैंडपंप और नलकूपों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने और विद्युत विभाग को तय रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

जनहित के कार्यों में लापरवाही करने वालों की जिम्मेदारी तय होगी _सीएम धामी

खुले में नमाज को लेकर मुख्यमंत्री का बयान

खुले में नमाज पढ़ने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट कहा कि नमाज पढ़ने पर किसी तरह की मनाही नहीं है, लेकिन यह चिन्हित स्थलों पर ही होनी चाहिए ताकि आम लोगों और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में चारधाम यात्रा चल रही है और सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। इसी को ध्यान में रखते हुए खुले स्थानों पर नमाज न पढ़ने की अपील की गई है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक सरिता आर्या, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, ध्रुव रौतेला, भावना मेहरा, दीपक मेहरा, आयोग सदस्य जेड. ए. वारसी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित कई अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *