कुमाऊं पर नजर_हल्द्वानी पहुंचेंगे BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन


हल्द्वानी। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के बीच भारतीय जनता पार्टी ने कुमाऊं पर अपना सियासी फोकस और तेज कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कुमाऊं में दो दिवसीय प्रवास प्रस्तावित है। उनके हल्द्वानी और रुद्रपुर दौरे को चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, 9 सितंबर को हल्द्वानी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक प्रस्तावित है। इसी दिन भाजपा की कोर कमेटी की बैठक भी होगी। प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने बताया कि संगठन की इन महत्वपूर्ण बैठकों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसके अगले दिन यानी 10 सितंबर को हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मेलन और रुद्रपुर में सिख सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शामिल होने की संभावना है।
कुमाऊं पर क्यों बढ़ा भाजपा का फोकस ?
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का लगातार शीर्ष नेतृत्व उत्तराखंड का दौरा कर रहा है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का कुमाऊं प्रवास केवल संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे आगामी चुनाव के लिए जमीनी संगठन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और राजनीतिक समीकरणों को साधने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति और कोर कमेटी की बैठक के जरिए पार्टी जहां संगठन की तैयारियों और आगामी रणनीति पर मंथन करेगी, वहीं पूर्व सैनिक और सिख सम्मेलन के जरिए कुमाऊं के महत्वपूर्ण सामाजिक वर्गों तक राजनीतिक संदेश पहुंचाने की कोशिश भी नजर आ रही है।
भाजपा ने इस साल उत्तराखंड में शीर्ष नेतृत्व की सक्रियता बढ़ाई है। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रस्तावित कुमाऊं प्रवास इस बात का संकेत माना जा रहा है कि 2027 की चुनावी जंग से पहले भाजपा संगठनात्मक स्तर पर कोई कसर छोड़ना नहीं चाहती।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com


हल्द्वानी में 10000 नई स्ट्रीट लाइट लगेंगी, नगर निगम की बैठक में 17 प्रस्ताव पास
उत्तराखंड_MLA विनोद कंडारी की स्कॉर्पियो का एक्सीडेंट
बेबसी और अकेलेपन की टीस_पहाड़ की खामोशी को आवाज देती ‘पायर’ PYRE
आंचल डेयरी का भव्य मेला आज से..
नंधौर अभयारण्य में जंगल सफारी का रोमांच शुरू, सांसद अजय भट्ट ने दिखाई हरी झंडी