अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं..जनता बने पुलिस की सबसे बड़ी ताकत-आईजी निवेदिता


हल्द्वानी। बदलते दौर में अपराधियों के नए-नए हथकंडों से सतर्क रहने और सुरक्षित समाज के निर्माण में जनता की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कोतवाली हल्द्वानी में आयोजित ‘देवभूमि का सुरक्षा कवच’ जनसंवाद कार्यक्रम में कुमाऊं आईजी निवेदिता कुकरेती ने नागरिकों से सीधा संवाद किया।
उन्होंने अभियान के तहत साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और नशामुक्त उत्तराखंड के लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
आईजी निवेदिता कुकरेती ने कहा कि अपराध और नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि आसपास कहीं भी नशा तस्करी, साइबर ठगी या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो बिना संकोच पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि बदलती तकनीक के साथ अपराधों का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। ऐसे में जागरूक नागरिक ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच हैं। उन्होंने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, एआई आधारित साइबर अपराध, फर्जी निवेश, डिजिटल अरेस्ट और म्यूल अकाउंट जैसे नए साइबर अपराधों से बचाव के उपाय विस्तार से बताए।
साथ ही साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन, साइबर क्राइम पोर्टल तथा मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल के माध्यम से शिकायत दर्ज कर धनराशि फ्रीज कराने की प्रक्रिया भी समझाई।
महिला एवं बाल सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने जीरो एफआईआर, महिला हेल्पलाइन-181, महिला चीता पुलिस, वन स्टॉप सेंटर (सखी), एसओएस एवं लाइव लोकेशन सुविधा सहित नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी। बाल संरक्षण के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मिशन वात्सल्य पोर्टल तथा चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की भूमिका से भी लोगों को अवगत कराया।
सड़क सुरक्षा के संबंध में उन्होंने गोल्डन ऑवर, गुड सेमेरिटन (राहवीर) योजना, ई-चालान प्रणाली, एएनपीआर कैमरे तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी नशे का कारोबार या कोई आपराधिक गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस और समाज की साझा जिम्मेदारी से ही अपराधमुक्त एवं सुरक्षित उत्तराखंड का निर्माण संभव है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनता की समस्याओं, सुझावों और शिकायतों को सुनकर उनका त्वरित समाधान करना तथा पुलिस-जन सहयोग को और अधिक मजबूत बनाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत आईजी कुमाऊं ने कोतवाली परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी लेकर की।
जनसंवाद के दौरान विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, व्यापार मंडलों, सामाजिक संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने क्षेत्र की समस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे आईजी के समक्ष रखे। आईजी ने सभी सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, कोतवाल विजय मेहता, काठगोदाम कोतवाल जसवीर सिंह चौहान, बनभूलपुरा कोतवाल दिनेश फर्त्याल, मुखानी कोतवाल सुशील जोशी, यातायात प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र पांडे, वाचक एसएसपी रमेश सिंह नेगी, पीआरओ आईजी कुमाऊं, पीआरओ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, वरिष्ठ नागरिक, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com




अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं..जनता बने पुलिस की सबसे बड़ी ताकत-आईजी निवेदिता
भवाली केस : इन हरकतों का परिवार और बच्चों पर क्या असर पड़ेगा ? हाईकोर्ट की टिप्पणी ने खींचा सबका ध्यान
Haldwani में बवालबाजी करने वाले 20 लोगों को पुलिस ने पकड़ा_Video
एक चाय..और फिर छिन गई सुध-बुध! ट्रेन में बेहोश मिले पति-पत्नी..
गौलापार नही_हल्द्वानी में यहां शिफ्ट होगा उत्तराखंड हाईकोर्ट,प्रेस रिलीज़ जारी