सरदार पटेल को नमन, नैनीताल पुलिस ने लिया एकता का संकल्प_एडीजी अंशुमान ने दिलाई शपथ


नैनीताल। देश की एकता और अखंडता के सूत्रधार, लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को नैनीताल जिले में राष्ट्रीय एकता का संदेश गूंजा। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर नैनीताल पुलिस लाइन में भव्य एकता परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन), उत्तराखंड एपी अंशुमान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर एडीजी अंशुमान ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन अदम्य इच्छाशक्ति, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने अपनी दृढ़ संकल्प शक्ति से 565 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। उनका योगदान केवल इतिहास का गौरवशाली अध्याय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और विशेषकर पुलिस बल के लिए कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस बल की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना भी उसका महत्वपूर्ण दायित्व है।
छह पुलिसकर्मियों को मिला डीजीपी प्रशस्ति डिस्क का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवा और विशिष्ट कार्यों के लिए जनपद नैनीताल के छह पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (गोल्ड एवं सिल्वर) से अलंकृत किया गया। सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर, उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, अपर उपनिरीक्षक जानकी वर्मा, अपर उपनिरीक्षक हरीश चन्द्र, मुख्य आरक्षी वीरेन्द्र राम और आरक्षी शंकर नाथ शामिल रहे।
इसके बाद मुख्य अतिथि ने परेड ग्राउंड में जवानों की सलामी ली और पुलिसकर्मियों की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।
जवानों के बीच पहुंचे एडीजी, सुनी समस्याएं और मांगे सुझाव
पुलिस लाइन भ्रमण के दौरान एडीजी अंशुमान ने विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों से संवाद किया। खुले पुलिस सम्मेलन में जवानों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए।
पुलिस आधुनिकीकरण और मैदानी स्तर पर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने पुलिसकर्मियों से सुझाव भी मांगे। इसके बाद पुलिस लाइन की मैस का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संतोषजनक व्यवस्था पर मैस प्रभारी और उनकी टीम की सराहना करते हुए उन्हें नकद पुरस्कार भी प्रदान किया।
हल्द्वानी में पुलिसकर्मियों, पेंशनर्स और स्कूली बच्चों ने देखा एकता परेड का सीधा प्रसारण
राष्ट्रीय एकता दिवस पर मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां पुलिसकर्मियों, पुलिस पेंशनर्स और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित भव्य राष्ट्रीय एकता परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण देखा।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर भी जागरूकता संदेश दिए गए, ताकि युवा पीढ़ी और आम नागरिक इन चुनौतियों के प्रति सजग रह सकें।
इस मौके पर एडीजी अंशुमान ने आयोजन की सराहना करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने पुलिसकर्मियों और विद्यार्थियों से सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन पुलिस जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें बेहतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, पुलिस पेंशनर्स, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com


सरदार पटेल को नमन, नैनीताल पुलिस ने लिया एकता का संकल्प_एडीजी अंशुमान ने दिलाई शपथ
आयरन लेडी इंदिरा गांधी को नमन, खष्टी बिष्ट बोलीं_ उनके साहसिक फैसलों ने दुनिया में भारत की पहचान बदली
हल्द्वानी में बदहाल सड़कों और बेहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर कांग्रेस का प्रदर्शन..
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का 21वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास से सम्पन्न, सात कार्मिक सम्मानित
रामनगर के पूछड़ी, रानीखेत रोड व प्रदेशभर के जंगल से लगे अतिक्रमण पर हाईकोर्ट ने दिए बड़े निर्देश…