Ad

उत्तराखंड में बारिश ने किया बेहाल, कई जिलों में अलर्ट_ नैनीताल में थमी रफ्तार,15 रास्ते बंद

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad
ख़बर शेयर करें

देहरादून/नैनीताल

ADVERTISEMENTSAd

उत्तराखंड में बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही तेज बारिश ने पहाड़ से मैदान तक जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने भी फिलहाल राहत के संकेत नहीं दिए हैं। राज्य के सभी जिलों में कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, तो कई स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही गर्जन, आकाशीय बिजली और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।

नैनीताल में सबसे ज्यादा असर, 15 रास्तों पर ब्रेक

नैनीताल जिले में बारिश ने जनजीवन की रफ्तार पर सबसे ज्यादा असर डाला है।पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के बीच नैनीताल में 185 मिमी, बेतालघाट में 179 मिमी,, खनस्यू में 137 मिमी, हल्द्वानी में 132 मिमी और अन्य क्षेत्रों में भी भारी बारिश दर्ज की गई है।

बारिश के चलते जिले में कुल 15 सड़कें बाधित हैं। इनमें 2 राष्ट्रीय राजमार्ग, 3 राज्य मार्ग, 1 प्रमुख जिला मार्ग और 9 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। सुयालबाड़ी, डोलमार, बेतालघाट, रामनगर-भण्डारपानी, खनस्यू, ज्योलीकोट समेत कई इलाकों में सड़कें बंद होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित है।

बारिश का असर सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं है। भीमताल-नौकुचियाताल और कालाढूंगी के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। ऐसे में बारिश के बीच लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि संबंधित विभागों की टीमें लगातार मौके पर काम कर रही हैं और बंद रास्तों को खोलने तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने आज ही अधिकांश बाधित मार्गों को खोलने का लक्ष्य रखा है।

रुद्रप्रयाग में 36 घंटे से बारिश, केदारनाथ यात्रा पर रोक

रुद्रप्रयाग में करीब 36 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। घने कोहरे और बेहद कम विजिबिलिटी के कारण केदारनाथ धाम यात्रा रोक दी गई है। सिरोबगड़ स्लाइडिंग जोन में लगातार पत्थर गिरने के कारण आवाजाही बंद है।

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के फंसे होने की सूचना है। लगातार लैंडस्लाइड के कारण रास्ता खोलने में भी मुश्किलें आ रही हैं। खराब मौसम के चलते हेली सेवाएं भी बंद हैं। केदारनाथ में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से संचार व्यवस्था पर भी असर पड़ा है, जिससे यात्रियों से संपर्क करने में परेशानी हो रही है।

ऋषिकेश में गंगा चेतावनी स्तर के पार

ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर को पार कर गया है। एहतियातन घाटों पर जाने पर रोक लगा दी गई है। लगातार बारिश और पहाड़ों से बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के आसपास न जाने की अपील की गई है।

चारधाम में बारिश के साथ बर्फबारी

मौसम ने चारधाम क्षेत्रों में भी अपना रंग बदला है। केदारनाथ, बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और यमुनोत्री के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। धारचूला, ओम पर्वत और मुनस्यारी की ऊंची चोटियां भी बर्फ से ढक गई हैं। बारिश और बर्फबारी के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है।

खराब मौसम के चलते 26 और 27 सितंबर को चारधाम यात्रा रोकी गई है।

उत्तरकाशी में मकान में दरारें

उत्तरकाशी के स्याबा गांव में लगातार बारिश के बीच एक मकान की सुरक्षा दीवार टूट गई। इसके बाद मकान में दरारें पड़ गई हैं। चार बच्चों समेत परिवार के सामने घर की सुरक्षा को लेकर बड़ा खतरा खड़ा हो गया है। दहशत के बीच परिवार रात गुजारने को मजबूर है। बारिश ने इस परिवार के लिए सिर्फ परेशानी नहीं, बल्कि सिर पर छत को लेकर भी चिंता खड़ी कर दी है।

बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी मुश्किलें

बागेश्वर में गरुड़-बागेश्वर मोटर मार्ग पर रवाईखाल के पास लगातार मलबा आने से यातायात प्रभावित है। वहीं पिथौरागढ़ की लाइफलाइन घाट-पिथौरागढ़ सड़क भी मलबे और बोल्डर गिरने के कारण प्रभावित है। यहां 300 से ज्यादा वाहन फंसे होने की सूचना है और सड़क खोलने के प्रयास जारी हैं।

खराब मौसम को देखते हुए 27 सितंबर को आदि कैलाश यात्रा के नए परमिट जारी नहीं किए जाएंगे। आदि कैलाश गए यात्रियों को गुंजी में ही रुकने की सलाह दी गई है।

कई जिलों में अलर्ट, लोगों से सावधानी की अपील

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में रेड अलर्ट, जबकि उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में यलो अलर्ट है।

बारिश, भूस्खलन, बोल्डर और बर्फबारी के बीच प्रशासन ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा टालने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

28 सितंबर को भी बारिश से राहत नहीं, तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक 28 सितंबर को भी उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तरकाशी, हरिद्वार और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। वहीं गढ़वाल मंडल के कई हिस्सों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश के आसार हैं। सावधान रहें सतर्क रहें..

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *