कौन बनेगा लखपति _ सरस मेले में ‘हमिताभ’ की कॉमेडी का तड़का, हंसी से लोटपोट हुआ पंडाल


हल्द्वानी |

सरस आजीविका मेले में शुक्रवार को मनोरंजन का ऐसा तड़का लगा कि दर्शक हंसी रोक नहीं पाए। महिलाओं के लिए खास कॉमेडी शो ‘कौन बनेगा लखपति दीदी’ने मेले के चौथे दिन खूब समां बांधा। मंच पर अमिताभ बच्चन के अंदाज में उतरे ‘हमिताभ बच्चन’ ने अपनी दमदार आवाज, मजेदार संवाद और जबरदस्त हाजिरजवाबी से दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
‘मैं हमिताभ बच्चन, सरस मेला 2026 में लेकर आया हूं महिलाओं के लिए कॉमेडी से भरपूर शो…’ इस अंदाज में मंच पर एंट्री होते ही पंडाल तालियों और ठहाकों से गूंज उठा। इसके बाद शुरू हुआ सवाल-जवाब, कॉमेडी पंच और मजेदार नोक-झोंक का सिलसिला, जिसने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को हंसी के रंग में रंग दिया।
हॉट सीट पर बैठीं दीदियां, जवाबों में दिखा आत्मविश्वास और अंदाज में देसी ठसक
‘कौन बनेगा लखपति दीदी’ में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने हॉट सीट पर बैठकर सवालों के जवाब दिए। कहीं जवाबों पर तालियां बजीं तो कहीं ‘हमिताभ’ के मजेदार सवालों और दीदियों की चुटीली प्रतिक्रियाओं ने खूब हंसाया। मंच पर महिलाओं का आत्मविश्वास, सादगी और बेबाक अंदाज दर्शकों के दिलों को छू गया।
हंसी-मजाक के बीच दीदियों ने अपने समूहों की सफलता, आजीविका और उत्पादों की कहानियां भी साझा कीं। उनकी मेहनत और आत्मनिर्भरता के सफर ने मनोरंजन के साथ प्रेरणा का संदेश भी दिया।
आयोजकों के मुताबिक सरस आजीविका मेला केवल खरीदारी और उत्पादों की बिक्री तक सीमित नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को मंच देने का माध्यम भी है। ‘कौन बनेगा लखपति दीदी’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए लखपति दीदी योजना का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रियंका गढ़िया, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत सहित अन्य अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
मेले में देशभर के 250 स्टॉलों पर हस्तशिल्प, हथकरघा, पहाड़ी उत्पाद, स्थानीय व्यंजन और पारंपरिक कलाकृतियों की प्रदर्शनी व बिक्री जारी है। सरस मेले में जहां पहाड़ के स्वाद और हुनर की खरीदारी हो रही है, वहीं मंच पर हंसी, मनोरंजन और महिला सशक्तीकरण का शानदार संगम भी देखने को मिल रहा है।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com


कौन बनेगा लखपति _ सरस मेले में ‘हमिताभ’ की कॉमेडी का तड़का, हंसी से लोटपोट हुआ पंडाल
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय और स्विट्जरलैंड की FFHS के बीच शैक्षणिक करार, एआई से बदलेगी पढ़ाई की दिशा
नए कप्तान IPS अर्पण यदुवंशी ने संभाली नैनीताल की कमान..haldwani
Nainital_ फूड प्वाइजनिंग, बारात में खाना खाकर बिगड़ी बारातियों की तबीयत
धामी कैबिनेट की बैठक में बड़े फैसले.. 23 प्रस्तावों पर मुहर