नैनीताल_DM ने विभागों को किया अलर्ट, गौला पुल पर SSP ने लिया हालात का जायज़ा..

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। पहाड़ों और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर नैनीताल जिले में चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन से लेकर पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों में जरूरी संसाधनों के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए हैं।

चार दर्जन के आसपास सड़कें बंद, मशीनें मौके पर

जिलाधिकारी के मुताबिक जिले में इस समय करीब चार दर्जन मार्ग बाधित हैं। इनमें करीब 90 प्रतिशत ग्रामीण सड़कें हैं। बारिश के कारण 4-5 स्टेट हाईवे और राष्ट्रीय राजमार्ग का गरमपानी वाला हिस्सा भी प्रभावित हुआ है।

सड़कों को जल्द खोलने के लिए मशीनरी मौके पर लगाई गई है और काम लगातार जारी है। प्रशासन का कहना है कि मार्गों को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

24 घंटे एक्टिव रहेंगे कंट्रोल रूम

बारिश से किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला आपदा कंट्रोल रूम के साथ सभी तहसील और ब्लॉक स्तर के कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, एनएच, सिंचाई, विद्युत और पेयजल विभाग समेत सभी कार्यदायी संस्थाओं को अपनी मशीनरी और मैनपावर के साथ संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहने को कहा गया है, ताकि सड़क बंद होने या किसी अन्य आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

नुकसान का जायजा ले रहीं राजस्व टीमें

बारिश से होने वाले नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर रही हैं।

जहां मकानों को आंशिक नुकसान या पशुहानि की सूचना मिल रही है, वहां तहसीलदारों के माध्यम से तत्काल राहत पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन की कोशिश है कि बारिश के बीच प्रभावित परिवारों को समय पर मदद मिल सके और किसी भी परिवार को संकट की स्थिति में अकेला न छोड़ना पड़े।

DM की अपील_जरूरत हो तभी घर से निकलें

जिलाधिकारी ने आम लोगों से बेहद जरूरी अपील की है। उन्होंने कहा कि अपरिहार्य परिस्थितियों में ही घर से बाहर निकलें।

लोगों से क्रोनिक लैंडस्लाइड जोन, नदी, नालों, गधेरों और बरसाती नालों के किनारे जाने से बचने को कहा गया है। बरसाती नदियों का बहाव अचानक बेहद तेज हो सकता है और कुछ ही मिनटों में हालात खतरनाक हो सकते हैं।

रील और फोटो के लिए जान जोखिम में न डालें

प्रशासन ने खास तौर पर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों से अपील की है कि बारिश के दौरान जोखिम भरे स्थानों पर जाकर रील बनाने या फोटोग्राफी करने से बचें।

कई बार एक वीडियो या फोटो के चक्कर में लोग अपनी जान खतरे में डाल देते हैं। प्रशासन ने मानसून के दौरान ऐसी गतिविधियों से पूरी तरह परहेज करने की अपील की है।

पहाड़ों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गौला नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में काठगोदाम गौला पुल और आसपास के इलाकों में पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।

काठगोदाम कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि गौला नदी और पुल के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं।

उन्होंने कहा कि नदी का बहाव तेज है और समय-समय पर डैम से पानी छोड़े जाने के कारण नदी का वेग अचानक बढ़ सकता है।

गौला पुल पर फोटो-वीडियोग्राफी पर सख्ती

पुलिस ने साफ किया है कि गौला पुल का इस्तेमाल सिर्फ आवागमन के लिए किया जाए। पुल पर अनावश्यक रूप से रुकने, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी या किसी भी तरह का कंटेंट बनाने से बचने की अपील की गई है।

पुलिस के मुताबिक निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

SSP ने खुद लिया हालात का जायजा

अत्यधिक बारिश को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने गौला पुल काठगोदाम और गौला पुल बनभूलपुरा का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को गौला नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रखने और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस बल, आपदा प्रबंधन टीम और एसडीआरएफ को आवश्यक आपदा उपकरणों के साथ पूरी तैयारी की स्थिति में रहने को कहा।

इसके अलावा किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से गौला नदी या पुल की ओर जाने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने लोगों को चेताया है कि नदी-नालों या सड़क पर तेज बहाव के साथ पानी आने की स्थिति में किसी भी वाहन या बाइक को पानी के बीच से पार करने की कोशिश न करें।

क्योंकि कई बार पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा सड़क देखकर नहीं लगाया जा सकता। थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।

Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *