गुजरात मे भाजपा को प्रचंड बहुमत- रचा नया इतिहास,हिमांचल में सत्ता वापसी लहराया कांग्रेस का परचम..

ख़बर शेयर करें

www. gkmnews

ADVERTISEMENTS Ad Ad
ख़बर शेयर करें

देश के दो राज्यों गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के परिणाम आ चुके हैं। गुजरात में जहां बीजेपी ने रिकॉर्ड बहुमत हासिल किया है। वहीं हिमाचल में कांग्रेस ने पांच साल बाद सत्ता में वापसी की है। वहीं बात करें गुजरात की तो राज्य में सबसे ज्यादा सीट जीतने का बीजेपी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। कुल 182 सीटों में से बीजेपी ने 156 सीटों पर जीत दर्ज की है, वहीं चुनावी मैदान में उतरी कांग्रेस ने 17 और आम आदमी पार्टी को 5 सीट हासिल हुई है। इसमें अन्य दल व निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में 4 सीटें आई हैं। बता दें कि 12 दिसंबर को भव्य शपथ ग्रहण समारोह होगा।

गुजरात में सर्वाधिक सीट जीतने का रिकॉर्ड
विपक्षी पार्टियों के तमाम दावों और वादों के बीच एक बार फिर सत्ता की चाबी बीजेपी को ही सौंप दी है। पिछले करीब 27 साल से गुजरात की जनता की सेवा कर रही बीजेपी के विकास और योजनाओं पर जनता ने इस बार इस कदर भरोसा जताया कि रिकॉर्ड मतों से जीत दिला दी। अगर बात करें गुजरात में अब तक के सर्वाधिक सीट हासिल करने वाली पार्टी की तो, 20 साल पहले गुजरात में बीजेपी ने ही सर्वाधिक 127 सीटें जीती थी। हालांकि उससे पहले 1985 में कांग्रेस ने 149 सीटें जीती थीं, जो रिकॉर्ड अब टूट गया है। वहीं 5 साल पहले 2017 चुनाव में बीजेपी को 99 सीट पर जीत मिली थी जबकि कांग्रेस ने 77 और अन्य के खाते में 6 सीट आई थी।

बता दें कि गुजरात में 182 सीट के लिए दो चरणों 1 और 5 दिसंबर को मतदान हुआ था। गुजरात में पहले चरण मे जहां 63.14% तो दूसरे चरण में 59.11% मतदान हुआ था। गुजरात में लगभग सभी एग्जिट पोल बीजेपी की स्पष्ट जीत दिखा रहे हैं। बीजेपी गुजरात में पिछले 27 साल से सत्ता में है।

गुजरात में रिकॉर्ड जीत के बाद पीएम मोदी ने कहा, “अभूतपूर्व चुनाव परिणामों को देखकर मैं बहुत अभिभूत हूं। और साथ ही इच्छा व्यक्त की कि यह गति और तेजी से चलती रहे। मैं गुजरात की जन शक्ति को नमन करता हूं।” इसके साथ ही उन्होंने सभी मेहनती बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी आभार जताया। उन्होंने कहा, “आप में से प्रत्येक एक चैंपियन है! यह ऐतिहासिक जीत हमारे कार्यकर्ताओं की असाधारण मेहनत के बिना संभव नहीं होगी, जो हमारी पार्टी की असली ताकत हैं।

गुजरात ने हमेशा इतिहास रचने का किया काम


गुजरात की जीत पर बीजेपी नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि गुजरात ने हमेशा इतिहास रचने का काम किया है। पिछले दो दशक में पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने गुजरात में विकास के सभी रिकॉर्ड तोड़े और आज गुजरात की जनता ने बीजेपी को आशीर्वाद देकर जीत के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। यह पीएम मोदी के विकास मॉडल में जनता के अटूट विश्वास की जीत है। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुजरात ने खोखले वादे, रेवड़ी व तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को नकार कर विकास और जनकल्याण को चरितार्थ करने वाली पीएम मोदी की बीजेपी को अभूतपूर्व जनादेश दिया है। इस प्रचंड जीत ने दिखाया है कि हर वर्ग चाहे महिला हो, युवा हो या किसान हो सभी पूरे दिल से भाजपा के साथ हैं।

हिमाचल में कांग्रेस की सत्ता में वापसी


हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने पांच साल बाद सत्ता में वापसी की है। कांग्रेस को 68 में से 40 सीटें मिली हैं, जबकि बीजेपी को 25 सीट। अन्य के खाते में 3 सीटें मिली हैं। वहीं पीएम मोदी ने हिमाचल की जनता का भी धन्यवाद दिया है। उन्होंने लिखा कि, “मैं हिमाचल प्रदेश की जनता को भाजपा को मिले स्नेह और समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। हम आने वाले समय में राज्य की आकांक्षाओं को पूरा करने और लोगों के मुद्दों को उठाने के लिए काम करते रहेंगे।”

उपचुनाव के नतीजे

उप चुनाव में इन प्रत्याशियों ने मारी बाजी


विधानसभा चुनाव के अलावा उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा सीट और पांच राज्यों की छह विधानसभा सीटों के उपचुनावों का भी रिजल्ट आ गया है। इसमें उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा की डिंपल यादव ने जीत दर्ज की है। वहीं यूपी में रामपुर विधानसभा से बीजेपी के आकाश सक्सेना और खतौली से RLD के मदन भैया, ओडिशा में पद्मपुर से बीजू जनता दल की प्रत्याशी वर्षा सिंह बरिहा, राजस्थान में सरदारशहर से कांग्रेस के अनिल कुमार शर्मा, बिहार में कुढ़नी से बीजेपी उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता ने जीत दर्ज की। वहीं छत्तीसगढ़ में भानुप्रतापपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस की सावित्री मंडावी ने जीत दर्ज की है।

सपा की विरासत कही जाने वाली मैनपुरी लोकसभा सीट को डिंपल यादव ने बचा लिया है। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर डिंपल यादव ने रिकॉर्ड जीत हासिल की है। डिंपल यादव ने प्रतिद्वंदी भाजपा के रघुराज शाक्य को दो लाख 88 हजार से ज्यादा वोटों से परास्त कर दिया है। डिंपल की इस जीत ने 2019 में मुलायम सिंह यादव की जीत के मार्जिन को बहुत पीछे छोड़ दिया है। 2019 के चुनाव में मैनपुरी से मुलायम ने जीत दर्ज की थी। उस समय मुलायम को 524926 वोट मिले थे। वहीं भाजपा के प्रेम सिंह शाक्य को 430537 वोट हासिल किए थे। मुलायम ने प्रेम सिंह शाक्य को 94389 वोटों से हराया था।
डिंपल यादव ने नेता जी के अंतर से तिगुनी बड़ी जीत हासिल की है। डिंपल को 618120 वोट मिले। मैनपुरी की पांच विधानसभा सीटों करहल, जसवंतनगर, किशनी, मैनपुरी और भोगांव में डिंपल ने जबर्दस्त वोट लिए हैं। डिंपल को सबसे ज्यादा वोट जसवंतनगर से मिले हैं। जसवंतनगर शिवपाल सिंह यादव की विधानसभा है जबकि करहल अखिलेश यादव की।

वर्षों से काबिज आजम खान की सीट रामपुर पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। भाजपा के आकाश सक्सेना ने सपा के आसिम रजा को 33702 वोटों से हरा दिया है। आकाश सक्सेना को 80964 वोट मिले हैं जबकि सपा के आसिम रजा को 47262 वोट मिले। जीत के बाद आकाश सक्सेना ने कहा, यह सबका साथ सबका विकास मूलमंत्र की जीत है।


बतादें कि रामपुर विधानसभा उपचुनाव में 33.94 फीसदी मतदान हुआ था। सपा का आरोप था कि उनके समर्थकों को जबरन वोट डालने से रोका गया और पुलिस ने उन्हे घर से बाहर निकलने नहीं दिया। सपा महासचिव प्रो रामगोपाल यादव ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को इस बाबत एक पत्र लिख कर रामपुर में दोबारा मतदान की मांग की है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि रामपुर में लोकतंत्र की हत्या की गई है। रामपुर में उपचुनाव मोहम्मद आजम खान को एक मामले में तीन साल की सजा सुनाये जाने के बाद विधानसभा की सदस्यता रद्द किये जाने के कारण हो रहा है। राजा को आजम का बेहद करीबी माना जाता है और उनकी अनुशंसा पर ही सपा ने उन्हे टिकट दिया था।

Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *