हल्द्वानी (नैनीताल): मूसलाधार बारिश का अलर्ट, प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर..


उत्तराखंड में मानसून सक्रिय हो चुका है और प्रदेशभर में लगातार तेज बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 48 घंटों में पूरे राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं, खासकर पर्वतीय और नदियों के किनारे बसे क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

जनपद नैनीताल के हल्द्वानी क्षेत्र में पुलिस अलर्ट मोड में है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) हल्द्वानी नितिन लोहनी स्वयं मैदान में उतरकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने अपनी पुलिस टीम के साथ संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देवखड़ी, कालसिया, गोला बेराज, गोला पुल (बनभूलपुरा) समेत कई संवेदनशील इलाकों का दौरा किया और वहां की स्थिति का जायजा लिया।

प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि भारी बारिश के कारण नदियों और गधेरों (छोटे नदी-नालों) में जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे किसी भी स्थिति में नदियों, नालों और अन्य जलस्रोतों के निकट न जाएं। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को इन इलाकों से दूर रखने की सलाह दी गई है।
आपदा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। ये टीमें प्रभावित क्षेत्रों में तैनात की गई हैं और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। गोला नदी के आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां पिछले वर्षों में भी जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बन चुकी है।
प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन व पुलिस द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें। जरूरत पड़ने पर प्रशासन द्वारा सुरक्षित स्थानों पर लोगों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।

हल्द्वानी समेत पूरे नैनीताल जनपद में अगले दो दिन बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं। पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग मिलकर लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सके। स्थानीय जनता से भी सहयोग की अपेक्षा की जा रही है ताकि सभी मिलकर इस कठिन मौसम को सुरक्षित तरीके से पार कर सकें।
यदि आप प्रभावित क्षेत्रों में रहते हैं या आपके परिचित वहां हैं, तो कृपया सतर्क रहें और आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन नंबरों से संपर्क करें।
जिला प्रशासन अलर्ट मोड में
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) नैनीताल वंदना ने जिले में हो रही बारिश एवं मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश देते हुए, किसी भी प्रकार की आपदा की घटना होने पर तत्काल (रिस्पॉन्स समय कमसे कम) आपदा प्रभावित घटना स्थल पर पंहुच कर राहत एवं बचाव कार्य कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी सड़क निर्माण ऐंजेसियों को निर्देश दिए कि सड़क मार्ग बंद होने पर तत्काल उसे खोलते हुए आवागमन को सुचारु किया जाए, इस हेतु जेसीबी ऑपरेटर सभी सवेदनशील स्थल पर तैनात रहें।
जिलाधिकारी ने जिले के सभी नदियों, नालों अंतर्गत भी नजर बनाए रखते हुए विशेष सावधानी बरतने व किसी भी प्रकार की घटना, जल भराव आदि की स्थिति पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करते हुए इनमें जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर होने पर निकटस्थ निवास कर रहे स्थानीय लोगों को सूचित करते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्र में तैनात राजस्व एवं ग्रामय विकास विभाग के अधिकारीयों व कर्मचारियों को क्षेत्र में रहते हुए किसी भी प्रकार की घटना होने पर 247 संचालित जिला आपदा परिचालन केन्द्र के दूरभाष 05942-231178, 79,81 एवं मोबाइल नंबर 8433092458 एवं टॉल फ्री नंबर 1077 पर* संपर्क कर सूचना देते हुए तत्काल मौके पर पहुंच पर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने जिले के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून काल में वह अपना मोबाइल बंद नहीं रखेंगे और किसी भी प्रकार की आपदा की घटना पर तत्काल रिस्पॉन्स करेंगे।
साथ ही जिलाधिकारी ने आम जनता से भी अपील की है कि वह मौसम की चेतावनी के मद्देनज़र विशेष सतर्कता बरतें, पहाड़ी क्षेत्रों में अधिक वर्षा होने पर आवागमन से बचै और सुरक्षित रहें।
जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में तथा सुबह से हो रही बारिश के दृष्टिगत
जिले के सभी तहसील क्षेत्रों में सम्बंधित उप जिलाधिकारियों द्वारा तहसील क्षेत्र अंतर्गत सभी संवेदनशील स्थलों का निरिक्षण किया गया।
उप जिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खलिक द्वारा सुबह खूपी गांव का निरीक्षण कर गांव का जायजा लिया और लोगों से मिले, वर्तमान तक गाँव की परिस्थितियां सामान्य है। इसके अतिरिक्त उन्होंने नैनीताल नगर अंतर्गत संवेदनशील क्षेत्र, चारटन लॉज, कृष्णापुर, बलिया नाला आदि क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया।उन्होंने भीमताल, रामगढ़ क्षेत्र अंतर्गत भी सभी राजस्व निरीक्षकों को एवं राजस्व निरीक्षकों से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र की जानकारी ली, और सभी को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उपजिलाधिकारी ने सड़क विभागों द्वारा आपदा की दृष्टिगत तैनात की गई जेसीबी का भी सत्यापन किया गया।
उपजिलाधिकारी रामनगर प्रमोद कुमार द्वारा भी तहसील के सवेदनशील क्षेत्र सांवल्दे, कोसी बैराज, भरतपुरी, पम्पापुरी ,गौजानी, चोरपानी , हिम्मतपुर
डोटीयाल आदि क्षेत्रों का
स्थलीय निरीक्षण किया।
धनगढ़ी और पानोद नाले से भी आवागमन सुचारू है।
वर्तमान तक सभी जगह स्थिति सामान्य है।
उन्होंने क्षेत्र के राजस्व उप निरिक्षकों से भी लगातार दूरभाष पर क्षेत्र की जानकारी ली जा रही है तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसी तरह उप जिलाधिकारी कालाढूंगी परितोष वर्मा ने भी विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अवगत कराया कि वर्तमान तक क्षेत्र में स्थिति सामान्य है। उन्होंने क्षेत्र के राजस्व उप निरिक्षकों से भी दूरभाष पर जानकारी ली गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त हल्द्वानी ऋचा सिंह द्वारा नगर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया उन्होंने आवास विकास कालोनी निकट बॉम्बे हॉस्पिटल के समीप सड़क में हुए जल भराव की समस्या जो हो गई थी उसका मौके पर ही समाधान कर जल निकासी कराई गई। नगर आयुक्त ने हो रही बारिश के मद्देनज़र नगर के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उप जिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह द्वारा भी हल्द्वानी नगर अंतर्गत सवेदनशील रकसिया व देवखड़ी नाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नाले में कराए जा रहे जल निकाशी कार्यों का भी स्थलीय निरिक्षण किया गया। उन्होंने तहसील आपदा कंट्रोल रूम से तहसील के विभिन्न क्षेत्र में तैनात राजस्व उप निरीक्षकों से भी इस सम्बन्ध में जानकारी लेते हुए उन्हें सतर्क रहने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी कैंची धाम मोनिका द्वारा तहसील क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न सड़क मार्गो, संवेदनशी स्थलों, ग्रामीण मार्गो आदि क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग 109 भवाली – अल्मोड़ा के भोर्या बैण्ड संवेदनशील स्थल के निरिक्षण के साथ ही इसी मोटर मार्ग के चमडिया नामक स्थान पर भूसखलन प्रवाहित क्षेत्र का भी उनके द्वारा निरीक्षण किया गया उन्होंने खेरना- बेतालघाट मोटर मार्ग पर धनियाकोट ग्राम के पास क्षतिग्रस्त भाग का भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान शैलकोर्ट- पान कटरा मोटर मार्ग में जेसीबी मशीन द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी निरिक्षण उनके द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में तैनात सभी राजस्व उप निरीक्षकों से भी क्षेत्र की जानकारी लेते हुए उन्हें आवश्यक लेते हुए उन्हें अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी धारी के एन गोस्वामी द्वारा भी सुबह से तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर क्षेत्र का जायजा लिया इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की बंद चार ग्रामीण सड़कों को भी सम्बंधित विभागों के माध्यम से खुलवाने का कार्य कर आवागमन को सुचारु किया गया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में तैनात राजस्व उप निरिक्षकों से भी जानकारी
लेते हुए उन्हें आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वर्तमान तक स्थिति सामान्य है।


लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com




हल्द्वानी में क्रिकेट धोखाधड़ी मामले में आरोपी विकास ढाका ने हाईकोर्ट में गिरफ्तारी को अवैध बताया..
डेविस कप में भारत की ऐतिहासिक जीत, सुरेश की यादगार हैट्रिक..
उत्तराखंड : रेत से भरे डंपर ने बाइक सवार को कुचला,गुस्साई भीड़ ने डंपर में आग लगा दी..
भवाली में वेरिफिकेशन ड्राइव : अराजक तत्वों पर पुलिस का कड़ा शिकंजा
Alert : उत्तराखंड के इन जिलों में आज बारिश- बर्फबारी के आसार