रामनगर पालिका के सीमा विस्तार के बाद चुनाव की हलचलें तेज

ख़बर शेयर करें

www. gkmnews

ख़बर शेयर करें

नैनीताल – रामनगर : प्रदेश में नगरपालिका चुनाव एक साल टालने के बाद अब सरकार ने उच्च न्यायालय में हलफनामा देकर नवंबर में अधिसूचना लाने की बात कही है। ऐसे में चुनाव को लेकर पार्टियों की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सत्ताधारी भाजपा पहली बार रामनगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठने की कवायद कर रही है, इसके लिए संभावित दावेदार जोर आजमाइश में लगे हुए हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से निवर्तमान चेयरमैन मोहम्मद अकरम का बचाव की रणनीति बनाई जा रही है।


रामनगर पालिका क्षेत्र में कुल तैतालीस हजार वोटर और बीस वार्ड है। विगत चार चुनाव में दो बार सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित की गई थी, इसलिए रोस्टर के अनुसार इस बार पालिकाध्यक्ष सीट के सामान्य रहने के आसार हैं। सीमा विस्तार से भी यह कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा सीट के सामान्य होने की दशा में वोट बैंक का संतुलन साधना चाहती है। क्योंकि शिवलालपुर से लेकर कानिया तक का क्षेत्र भाजपा का गढ़ माना जाता है।

वहीं कांग्रेस भाजपा के इस दांव की काट खोज रही है। उनके पास मोहम्मद अकरम के रूप में एक चेहरा पहले से मौजूद है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस मतों का विभाजन करने के लिए कांग्रेस के टिकट पर किसी अन्य चेहरे को भी उतार सकती है, ऐसी स्थिति मैं कांग्रेस दोनों हाथों में लड्डू रखना चाहती है।


भाजपा संगठन ने संभावित दावेदारों से नाम दो माह पहले ही मांग लिए हैं। इसके लिए सभी श्रेणियों में नाम भेजे जा चुके हैं। चर्चाओं के अनुसार अभी तक दावेदारों में गणेश रावत, भागीरथ लाल चौधरी, नरेंद्र शर्मा, रुचि गिरी, सत्यप्रकाश शर्मा, भूपेंद्र खाती, भावना भट्ट, ममता गोस्वामी सहित अनेक ने पार्टी टिकट के लिए आवेदन किया है। वहीं कांग्रेस से तीन बार के पालिका अध्यक्ष अकरम का नाम तय माना जा रहा है। अन्य पार्टियों में अभी कोई सुगबुगाहट नहीं है।


रामनगर पालिका के लिए इस बार मुकाबला दिलचस्प होने जा रहा है। वहीं सूत्रों के अनुसार
चुनाव से पहले होने वाला आरक्षण का खेल दावेदारों की उम्मीदों पर पानी फेर सकता है। सूत्रों की मानें तो भाजपा के एक धड़े ने सीट को आरक्षित करवाने के लिए घोड़े खोले हुए हैं। ऐसे में स्थानीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट की भूमिका अहम मानी जा रही है। अब सीट सामान्य हो या आरक्षित। इसको लेकर आने वाले समय में चुनावी बिसात सजाई जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *