लालकुआं नगर पंचायत अध्यक्ष पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज


लालकुआं में ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के संचालन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और पुलिस प्रशासन के बीच शुरू हुआ विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। 11 नवंबर को हुए घटनाक्रम के बाद लालकुआं कोतवाली पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। दोनों मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग धाराओं में कार्रवाई की गई है। सामने आई FIR की प्रतियों के अनुसार, दोनों मुकदमे 12 नवंबर 2026 की सुबह दर्ज किए गए हैं।

पहला मुकदमा: ट्रैक्टर-ट्रॉली रोकने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
पहला मुकदमा FIR संख्या 0177 के तहत 12 नवंबर की सुबह 5:35 बजे दर्ज किया गया। इसमें BNS की धारा 126(2), 308(4) और 352 लगाई गई हैं। इस मामले में शिकायतकर्ता इंदरजीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह, निवासी पैंगबरपुर, बिलासपुर, रामपुर (उत्तर प्रदेश) ने लिखित शिकायत दी है।
शिकायतकर्ता ने खुद को ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक एवं किसान बताते हुए कहा है कि वह अपने खेतों से पराल (पुआल) ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से जंगल की ओर ले जाता है। इसका उपयोग गुर्जर समुदाय के पशुपालकों द्वारा अपनी भैंसों एवं अन्य पशुओं के चारे के रूप में किया जाता है। शिकायत के अनुसार, 11 नवंबर 2026 की सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने जंगल की ओर जाने वाले मार्ग पर उनकी पराल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा कथित रूप से पराल और ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़ने के बदले उनसे रुपये मांगे गए और जान से मारने की धमकी दी गई।
इंदरजीत सिंह ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि घटना के कारण वह अपनी खेती और पशुओं के चारे से संबंधित काम सामान्य रूप से नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कराने, कथित रूप से रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कानूनी कार्रवाई करने, घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई, सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
दुसरा मुकदमा: पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप
दूसरा मुकदमा FIR संख्या 0178 के तहत 12 नवंबर की सुबह 6:28 बजे दर्ज किया गया। इसमें BNS की धारा 126(2), 221 और 352 लगाई गई हैं। यह मुकदमा पुलिस की ओर से दी गई जुबानी शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ है।
FIR में दर्ज शिकायत के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 8:10 बजे लालकुआं नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 3, वार्ड नंबर 4 और संबंधित सार्वजनिक मार्गों पर यातायात एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को भेजा गया था। शिकायत में बताया गया है कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को आगे जाने से रोकने को लेकर विवाद की सूचना मिली थी।
पुलिस शिकायत के मुताबिक, कांस्टेबल नंबर 501 अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोके जाने से आम जनता को आवागमन में परेशानी हो रही थी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि संबंधित मार्ग सार्वजनिक आवागमन का रास्ता है, जहां से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों का आना-जाना होता है।
शिकायत के अनुसार, मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने अध्यक्ष को यातायात व्यवस्था बाधित न करने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने पुलिस की बात नहीं मानी। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर हेड कांस्टेबल आनंदवीर, कांस्टेबल 219 दिलीप कुमार और कांस्टेबल 84 उमेश गिरी भी मौके पर पहुंचे।
FIR में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत अध्यक्ष ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली के सामने खड़ा करवा दिया। शिकायत में दावा किया गया है कि इससे करीब 1 घंटा 45 मिनट तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस की शिकायत में यह भी आरोप है कि अध्यक्ष ने पुलिसकर्मियों के समझाने पर उनके साथ अभद्रता की, तेजी दिखाते हुए ट्रैक्टर के आगे आकर चालक को धमकाया और मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने भी उनका साथ दिया। शिकायतकर्ता पुलिसकर्मी ने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम से क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका पैदा हो गई थी। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच कर अध्यक्ष और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कल कोतवाली में धरने के बाद बढ़ा विवाद
गौरतलब है कि 11 नवंबर को ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के संचालन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाली पुलिस के बीच विवाद सामने आया था। इस दौरान अध्यक्ष ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए समर्थकों और पूर्व सैनिकों के साथ कोतवाली पहुंचकर धरना दिया था। मामले के बढ़ने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी लव शर्मा ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया था। वहीं अध्यक्ष की ओर से कार्य बहिष्कार की चेतावनी भी दी गई थी।
अब दोनों अलग-अलग शिकायतों के आधार पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज होने के बाद लालकुआं में मामला और गरमा गया है। एक ओर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने कथित तौर पर रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है, तो दूसरी ओर पुलिस की शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा, यातायात व्यवस्था प्रभावित करने और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों मुकदमों की जांच शुरू की गई है। पहला मामला उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट को सौंपा गया है, जबकि दूसरे मुकदमे में थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन राणा के स्तर से कार्रवाई दर्ज की गई है।
अब देखना होगा कि जांच में दोनों मामलों में क्या तथ्य सामने आते हैं और नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से इन आरोपों पर क्या पक्ष रखा जाता है।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com


लालकुआं नगर पंचायत अध्यक्ष पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा : 400 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, मां-बेटी समेत तीन की मौत
दूध के दामों में उबाल, 6 रुपये तक महंगा हुआ_रसोई का बजट बिगड़ेगा…
कार्रवाई नहीं हुई तो हाईकोर्ट जाएंगे नागरिक, लालकुआं नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ बढ़ा आक्रोश
कैंची धाम के पास निगलाट की गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत_ SDRF ने चार को बचाया..Video