दर्दनाक सड़क हादसा : जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे तीन युवकों की मौत, अज्ञात वाहन ने कुचला

ADVERTISEMENTS Ad Ad
ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड : देहरादून जिले के औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक एक स्कूटी पर सवार होकर शराब के ठेके की ओर जा रहे थे। घटना में स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

पुलिस के अनुसार, हादसा 15 जून 2025 की रात लगभग 11:10 बजे का है। सेलाकुई थाना पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि लेबर चौक के पास एक सड़क दुर्घटना हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया गया कि स्कूटी संख्या UK 07BH 8142 को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में स्कूटी चला रहे युवक सूरज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पीछे बैठे मुकेश और अनिल को गंभीर हालत में सीएचसी प्रेमनगर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

थाना प्रभारी पी.डी. भट्ट ने जानकारी दी कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीनों युवक ग्लोबल कंपनी, सेलाकुई में कार्यरत थे और सेलाकुई के जमनपुर क्षेत्र में सुरजीत सिंह नामक युवक के साथ किराए के मकान में रहते थे। हादसे से कुछ देर पहले वे अपने दोस्त सुरजीत के जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए थे और शराब खत्म हो जाने पर दोबारा शराब लेने जा रहे थे। इसी दौरान लेबर चौक के पास अज्ञात वाहन से स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे तीनों युवकों की जान चली गई।

पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके।

इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक की लहर है। तीनों युवकों की असामयिक मौत से न केवल उनके परिजन बल्कि उनके सहकर्मी और दोस्त भी सदमे में हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि लेबर चौक जैसे व्यस्त इलाके में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page