कैंचीधाम की राह होगी आसान, CM धामी ने लिया बाईपास कार्य का जायज़ा..

ADVERTISEMENTS Ad Ad
ख़बर शेयर करें

नैनीताल (भवाली)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अपने नैनीताल भ्रमण के दौरान जिले की एक महत्वपूर्ण परियोजना कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम–रातीघाट) सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीम करौरी महाराज के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु वर्ष भर कैंचीधाम पहुंचते हैं, ऐसे में श्रद्धालुओं को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस बाईपास के निर्माण से कैंचीधाम में लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत मिलेगी।

18.15 किमी बाईपास में तेजी से आगे बढ़ रहा काम

लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रस्तावित 18.15 किलोमीटर लंबे बाईपास मार्ग में से

8 किलोमीटर सड़क निर्माण एवं हॉटमिक्स कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जिस पर 12 करोड़ रुपये की लागत आई है।

शेष 10.15 किलोमीटर मार्ग में पहाड़ कटिंग का कार्य 5 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से पूरा कर लिया गया है।

वर्तमान में 9 करोड़ 81 लाख रुपये की धनराशि से कलमठ, सुरक्षा दीवारें एवं अन्य संरचनात्मक कार्य तीव्र गति से चल रहे हैं।

रातीघाट में मोटर पुल निर्माण भी शुरू

बाईपास को रातीघाट स्थित अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 30 मीटर स्पान के डबल लेन मोटर पुल का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए शासन से 9 करोड़ 63 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और पुल निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

यात्रा सीजन से पहले संचालन के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी यात्रा एवं पर्यटन सीजन से पहले बाईपास मार्ग को पूर्ण कर यातायात के लिए खोलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कैंचीधाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में वैकल्पिक मार्ग पहाड़ी जिलों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

भवाली बाजार को भी मिलेगी जाम से राहत

मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से नव-निर्मित भवाली बाईपास सड़क एवं शिप्रा नदी पर बने डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से भवाली बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और पर्यटन सीजन के दौरान आवागमन और अधिक सुगम होगा।

मजदूरों और पर्यटकों से की बातचीत

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण में लगे मजदूरों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। साथ ही क्षेत्र में हुई बर्फबारी को देखने देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पर्यटकों से भी संवाद किया। पर्यटकों ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें यहां किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हुई और वे भविष्य में भी यहां आते रहेंगे।

इस मौके पर माननीय दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू ,जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *