

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें चार धाम यात्रा, आदि कैलाश और मायावती आश्रम आने का न्योता दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ लगभग एक घंटे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने चमोली के जोशीमठ क्षेत्र में भूधंसाव से प्रभावितों को राहत और विस्थापन कार्यों की जानकारी उन्हें देते हुए बताया कि भूस्खलन एवं भू-धसाव हेतु 2942.99 करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज की आवश्यकता है.
मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना को वित्त मंत्रालय द्वारा आयोजित पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड की बैठक में संस्तुति प्रदान करने का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री से जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना की वित्तीय स्वीकृति आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी से भी कराए जाने का अनुरोध किया.
संसद भवन परिसर में प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद, मीडिया से बात करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चार धाम यात्रा प्रारंभ होने वाली है और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें चार धाम यात्रा और आदि कैलाश आने का न्योता दिया है. धामी ने विभिन्न परियोजनाओं का जिक्र करते हुए आगे कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से राज्य के विकास से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं को भारत सरकार के स्तर पर स्वीकृति देने, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए हरिद्वार से काशी तक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का आग्रह किया है.
इसके साथ ही उन्होंने जोशी मठ पुनर्वास योजना सहित अन्य कई परियोजनाओं पर भी प्रधानमंत्री से बात की. सीएम ने झंगोरा, रामदाना एवं काकुनी के लिये न्यूनतम समर्थन मूल्य जारी किये जाने की भी मांग की. उन्होंने स्टेट मिलेट मिशन, मिड-डे-मील, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन, दलहन व तिलहन के अन्तर्गत गहत व काला भट्ट फसल के सत्य बीज के प्रयोग की अनुमति प्रदान करने को लेकर भी प्रधानमंत्री से बात की.
सीएम धामी ने ऊधम सिंह नगर के लिए स्वीकृत ऋषिकेश एम्स के 280 बेड युक्त सैटेलॉइट सेन्टर के काम में तेजी लाने और पिथौरागढ़ के नैनी सैनी हवाई अड्डे में हवाई सेवाओं के संचालन करने तथा हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के दृष्टिगत हवाई अड्डे को भारतीय वायुसेना (रक्षा मंत्रालय) को हस्तांतरित किए जाने को लेकर भी प्रधानमंत्री से अनुरोध किया.
संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि आगे की जितनी भी परियोजनाएं आ रही हैं, उसमें इको सिस्टम का ध्यान रखा जा रहा है. इकोलॉजी और इकोनॉमी दोनों में संतुलन का ध्यान रखा जा रहा है. उन्होंने बताया कि चार धाम यात्रा के लिए अभी तक 8 लाख लोगों ने रेजिस्ट्रेशन कराया है और सरकार ने यात्रा को लेकर तैयारी कर ली है. कैपिंग करने को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जहां पर भी जिस तरह की जरूरत होगी, वह किया जाएगा.
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य को जी-20 की तीन महत्वपूर्ण बैठकों का दायित्व दिए जाने पर प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि रामनगर में मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार के वकिर्ंग ग्रुप की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई. राज्य सरकार द्वारा राज्य की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए लॉन्च किए गए ‘सशक्त उत्तराखण्ड’ मिशन, राज्य की नई पर्यटन नीति के तहत काशी विश्वनाथ तथा उज्जैन महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर हर की पैड़ी हरिद्वार तथा ऋषिकेष कॉरिडोर पर किए जा रहे कार्य और चमोली में माणा गांव से 5 किमी की दूरी पर स्थित मूसापानी स्थल को नाडावेट (गुजरात) की तर्ज पर विकसित किये जाने हेतु चिन्हित करने की भी जानकारी दी.



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com


हल्द्वानी चंदन हॉस्पिटल ने जनहित में बड़ा फैसला किया..
कार जोन सर्विस सेंटर में भीषण आग लगी_haldwani,Video
Uttrakhand_ पुलिस पर फायरिंग करना पड़ा भारी,एनकाउन्टर में दोनों बदमाशों के पैर छलनी
IPS बने SP क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, CM धामी और DGP दीपम सेठ ने कंधों पर सजाए सितारे
सरदार पटेल को नमन, नैनीताल पुलिस ने लिया एकता का संकल्प_एडीजी अंशुमान ने दिलाई शपथ