एक चाय..और फिर छिन गई सुध-बुध! ट्रेन में बेहोश मिले पति-पत्नी..

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी/लालकुआं। मुरादाबाद से काठगोदाम जा रही पैसेंजर ट्रेन में एक पति-पत्नी बेहोशी की हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों के जहरखुरानी गिरोह का शिकार होने की आशंका जताई जा रही है। दंपती के पास मौजूद करीब 49 हजार रुपये और मोबाइल फोन गायब बताए जा रहे हैं। जीआरपी ने दोनों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को जीआरपी चौकी लालकुआं को सूचना मिली कि मुरादाबाद से लालकुआं पहुंची मुरादाबाद-काठगोदाम पैसेंजर ट्रेन में एक पति-पत्नी बेहोशी की हालत में पड़े हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी काठगोदाम के थानाध्यक्ष संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

जीआरपी पुलिस कर्मियों ने दोनों को ट्रेन से नीचे उतारा और बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ठीक से जवाब देने की स्थिति में नहीं थे। आधार कार्ड की जांच के बाद उनकी पहचान महेंद्र सिंह (60), पुत्र राम सिंह, निवासी झाझरकोट, नेपाल और उनकी पत्नी शीला देवी (45) के रूप में हुई।

हिमाचल से नेपाल जा रहे थे दंपती

बताया गया कि पति-पत्नी हिमाचल प्रदेश में दिहाड़ी मजदूरी करते थे और मेहनत से जमा की गई रकम लेकर परिवार से मिलने नेपाल के लिए निकले थे। शिमला से बस के जरिए वे हरिद्वार पहुंचे थे। हरिद्वार में उन्हें तीन लोग मिले, जिन्होंने खुद को नेपाली बताते हुए नेपाल जाने की बात कही।

दंपती के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने उन लोगों के साथ चाय-नाश्ता किया। इसके बाद उन्हें क्या हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी उन्हें नहीं है। महेंद्र सिंह अभी भी अर्धबेहोशी की हालत में हैं और पूरी घटना के बारे में सही-सही जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।

चाय पीने के बाद खोई सुध-बुध

दंपती ने बताया कि उन्हें किसी व्यक्ति ने चाय पिलाई थी। चाय पीने के बाद से ही दोनों अपनी सुध-बुध खो बैठे।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उनके पास मोबाइल फोन, पैसे और यहां तक कि ट्रेन टिकट भी नहीं मिला। महेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान बताया कि उनके पास करीब 20 हजार रुपये, जबकि उनकी पत्नी शीला देवी के पास लगभग 29 हजार रुपये थे। दोनों के मुताबिक, उनका मोबाइल भी गायब है।

वरिष्ठ डॉ. परमजीत सिंह के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पति-पत्नी को धतूरा या किसी अन्य नशीले पदार्थ जैसा कुछ खिलाया-पिलाया गया है। डॉक्टर ने बताया कि दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उम्मीद है कि सुबह तक दोनों की स्थिति में सुधार हो जाएगा।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। दंपती के साथ हरिद्वार से लेकर ट्रेन यात्रा के दौरान क्या हुआ और उन्हें नशीला पदार्थ किसने दिया, इसकी जांच की जा रही है।

Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *