अंतरिक्ष के रहस्यों से उठेगा पर्दा, एरीज की 3.6 मीटर दूरबीन पर जुटे देशभर के वैज्ञानिक


नैनीताल। अंतरिक्ष के रहस्यों को समझने और खगोलीय अनुसंधान की नई संभावनाओं को तलाशने के लिए आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) ने विशेष पहल की है। एरीज की ओर से 16 से 20 नवंबर तक मनोरा पीक और देवस्थल परिसर में पांच दिवसीय कार्यशाला ‘एक्सकोडॉट-2026’ (ExCoDOT) का आयोजन किया जा रहा है।


इसमें देशभर के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों से पहुंचे करीब 45 युवा खगोलविदों को ब्रह्मांड की खोज और अत्याधुनिक दूरबीन से वैज्ञानिक अनुसंधान करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कार्यशाला का मुख्य केंद्र एरीज में स्थापित 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप (DOT) है। यह भारत की सबसे बड़ी ऑप्टिकल दूरबीन है, जो प्रकाशीय और निकट-अवरक्त तरंगों के माध्यम से अंतरिक्ष में मौजूद खगोलीय पिंडों का अध्ययन करने में सक्षम है। इस दूरबीन ने हाल ही में सफल वैज्ञानिक प्रेक्षण के दस वर्ष भी पूरे किए हैं।
कार्यशाला में युवा वैज्ञानिकों को केवल दूरबीन की तकनीकी जानकारी ही नहीं दी जा रही, बल्कि उन्हें शोध की पूरी प्रक्रिया से रूबरू कराया जा रहा है। इसमें प्रेक्षण के लिए प्रस्ताव तैयार करना, दूरबीन से अंतरिक्ष का अध्ययन करना, प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण करना और उनसे महत्वपूर्ण वैज्ञानिक निष्कर्ष निकालने तक का प्रशिक्षण शामिल है।
एरीज के वैज्ञानिक और शोधार्थी व्याख्यानों के साथ व्यावहारिक सत्रों के जरिए प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। कार्यशाला का उद्घाटन एरीज के डीन एवं इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. बृजेश कुमार ने किया। उन्होंने 3.6 मीटर दूरबीन की क्षमताओं और खगोलीय अनुसंधान में इसके महत्व की जानकारी दी। कार्यशाला का संयोजन डॉ. सौरभ शर्मा कर रहे हैं, जो इस दूरबीन के प्रभारी खगोलविद भी हैं।
यह कार्यशाला देश के युवा खगोलविदों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल नई पीढ़ी के शोधकर्ताओं की क्षमता विकसित होगी, बल्कि भारत की अत्याधुनिक दूरबीन के जरिए ब्रह्मांड के अनसुलझे रहस्यों को जानने के प्रयासों को भी नई गति मिलेगी।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com


अंतरिक्ष के रहस्यों से उठेगा पर्दा, एरीज की 3.6 मीटर दूरबीन पर जुटे देशभर के वैज्ञानिक
जनगणना-2027 के लिए मुकेश बोरा की बड़ी पहल, 710 दुग्ध समितियों के जरिए 34 हजार परिवारों तक पहुंचेगा अभियान
Haldwani_ सब्जी कारोबार की आड़ में तस्करी, 64 लाख की स्मैक बरामद..Video
उत्तराखंड में काल बनी मंगलवार की सुबह_बस और बोलेरो खाई में गिरीं, 12 लोगों की मौत, 25 घायल
गोला बाईपास बना हादसों का हॉटस्पॉट, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से प्रदीप की मौत