पहाड़ी उत्पादों की खुशबू और गीतों की मस्ती.. सरस मेले की स्टार नाइट में झूम उठा हल्द्वानी


कुमाऊं से गढ़वाल तक पहाड़ी उत्पादों से चमकी सरस मेले की शाम, स्टार नाइट में नीरज उप्रेती ने बांधा समां

हल्द्वानी में आयोजित सरस मेले का दूसरा दिन लोक संस्कृति, संगीत और पहाड़ के हुनर के नाम रहा। लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट के भावपूर्ण गीत ने जहां लोगों को उत्तराखंड की मिट्टी, हिमालय और मातृभूमि के प्रेम से जोड़ दिया, वहीं सारेगामापा फेम लोक गायक नीरज उप्रेती की शानदार गायकी ने स्टार नाइट में ऐसा समां बांधा कि दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए।
सरस मेले में आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने मंच से “उत्तराखंड मेरी मातृभूमि, मातृभूमि यो मेरी पितृभूमि, ओ भूमि तेरी जय-जयकारा… म्यर हिमाला” गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। उनके गीत में पहाड़ की मिट्टी, हिमालय के प्रति प्रेम और अपनी संस्कृति पर गर्व का भाव झलका। प्रस्तुति के दौरान दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
वहीं, स्टार नाइट में प्रसिद्ध गायक नीरज उप्रेती ने अपनी सुरीली आवाज और दमदार मंचीय अंदाज से दर्शकों का दिल जीत लिया। “चुरा लिया है तुमने जो दिल को”, “बचना ऐ हसीनों” और “गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं” जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति पर दर्शक देर तक झूमते रहे। उनकी गायकी सरस मेले की शाम का प्रमुख आकर्षण बनी।
पहाड़ के हुनर को मिला बाजार, संस्कृति को मिला मंच
सरस मेला सिर्फ मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि पहाड़ की महिलाओं के हुनर, मेहनत और आत्मनिर्भरता को पहचान दिलाने का एक बड़ा मंच बनकर उभरा है। उत्तरकाशी, देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर समेत कुमाऊं और गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों से आए महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद यहां लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
पहाड़ी मसालों की खुशबू, पारंपरिक लोहे के बर्तन, कढ़ाई, पहाड़ी टोपी, हस्तशिल्प, स्थानीय खाद्य उत्पाद और पारंपरिक वस्तुओं की विविधता मेले को खास बना रही है। खरीदारी के लिए पहुंच रहे लोगों से महिला समूहों को अच्छा बाजार मिल रहा है, वहीं स्थानीय उत्पादों को नई पहचान और बिक्री के अवसर भी मिल रहे हैं।
सरस मेले की खासियत यह है कि यहां लोग सिर्फ खरीदारी नहीं कर रहे, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं, खानपान और लोक जीवन को करीब से महसूस कर रहे हैं। एक ओर मंच पर पहाड़ के गीत गूंज रहे हैं, तो दूसरी ओर स्टॉलों पर पहाड़ की मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता की कहानी दिखाई दे रही है।
वहीं संगीत, संस्कृति और स्वरोजगार का यह संगम सरस मेले को एक ऐसा मंच बना रहा है, जहां पहाड़ की पहचान भी चमक रही है और महिलाओं के सपनों को बाजार भी मिल रहा है।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com


पहाड़ी उत्पादों की खुशबू और गीतों की मस्ती.. सरस मेले की स्टार नाइट में झूम उठा हल्द्वानी
संकल्प में होगा नैनीताल दुग्ध संघ का 77वां वार्षिक अधिवेशन..
राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह पर यूओयू में संगोष्ठी, डिजिटल युग में पुस्तकालयों की भूमिका पर मंथन
उत्तराखंड की महिलाओं के खाते में आएंगे ₹10 हजार, जानें बैणी-भुली योजना के लिए आवेदन और पूरा प्रोसेस
हल्द्वानी में हुनर, संस्कृति और आत्मनिर्भरता का संगम, सरस मेले का भव्य आगाज