295.52 करोड़ का बजट पास, पशुपालकों के हित में बड़ा फैसला_हल्द्वानी में खुलेगा मिल्क पार्लर


हल्द्वानी। दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआं ने फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में दुग्ध संघ से जुड़ी 710 समितियों के प्रतिनिधियों और करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की भागीदारी रही।
दूध के दाम बढ़ेंगे, पशुपालकों की आमदनी को मिलेगा सहारा
अधिवेशन में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए फरवरी से दूध खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का लक्ष्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों का हित संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मेहनत को सम्मान, लाखों के पुरस्कार वितरित
कार्यक्रम में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले महिला और पुरुष पशुपालकों को सम्मानित किया गया। मैदानी क्षेत्र महिला वर्ग में प्रभपाल सिंह को 31 हजार, हिमानी बिष्ट को 25 हजार, पुष्पा बिष्ट को 21 हजार और दीपा बिष्ट को 17 हजार रुपये दिए गए।
पर्वतीय क्षेत्र महिला वर्ग में कमला देवी को 25 हजार, गंगा देवी को 21 हजार और पुष्पा जोशी को 17 हजार रुपये का पुरस्कार मिला।
पुरुष वर्ग के मैदानी क्षेत्र में कृपाल सिंह को 25 हजार, जगपाल सिंह को 21 हजार और स्नेहपाल सिंह को 17 हजार रुपये दिए गए। पर्वतीय क्षेत्र में चिंतामणि को 25 हजार, श्याम नारायण को 21 हजार तथा कृपाल सिंह को 17 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा आठ विकासखंडों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों को भी पुरस्कृत किया गया। बिंदुखत्ता क्षेत्र के नौ पुरुष और नौ महिला दुग्ध उत्पादकों समेत कुल 31 उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक दिए गए। वहीं 10 सचिवों और 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागाध्यक्षों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
शहर में खुलेगा आंचल मिल्क पार्लर
राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारी संस्थाओं की मजबूती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत देती है। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में जल्द आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। इससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण दूध और दुग्ध उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।
अधिवेशन में विधायक बंशीधर भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, राज्यमंत्री मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, दुग्ध विकास विभाग के निबंधक एवं निदेशक बीएस चलाल, उपनिदेशक संजय उपाध्याय, देहरादून दुग्ध संघ अध्यक्ष ठाकुर भूमि सिंह, यूसीडीएफ महाप्रबंधक आरएम तिवारी, उपमहाप्रबंधक पीएस नागपाल, प्रबंधक पीएस नगरकोटी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें भी सम्मानित किया गया। इस दौरान संचालक मंडल के सदस्य, दुग्ध संघ के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com


295.52 करोड़ का बजट पास, पशुपालकों के हित में बड़ा फैसला_हल्द्वानी में खुलेगा मिल्क पार्लर
इंस्पिरेशन में सजा सुरों का मंच, ‘वॉइस ऑफ IPS’ में बच्चों ने अपनी गायकी से जीता दिल
उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी ईको कार_ 7 लोगों की मौत…
जनता का भरोसा, अनुशासन से समझौता नहीं… नैनीताल पुलिस के नए कप्तान का विजन
भूकंप-अग्निकांड से मची भगदड़, हल्द्वानी-कैंची धाम समेत 14 जगह पुलिस-SDRF ने संभाला मोर्चा…मेगा मॉक ड्रिल