बड़ी नियुक्ति : प्रो. एस.के. कश्यप बने पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति

ख़बर शेयर करें

पंतनगर।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति ले.ज. गुरमीत सिंह (सेनि.) ने प्रोफेसर शिवेन्द्र कुमार कश्यप को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष अथवा 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक, जो भी पहले हो, तक प्रभावी रहेगी।

प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप वर्तमान में विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर में कार्यरत हैं और एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद के रूप में जाने जाते हैं। कृषि शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।

उन्होंने विश्वविद्यालय में प्रोफेसर, कृषि संचार विभागाध्यक्ष, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता, विश्व बैंक पोषित परियोजनाओं के प्रधान अन्वेषक (PI) और कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक व प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनका चयन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के राष्ट्रीय कार्यक्रम लीप (Leadership in Education Program) के लिए भी हुआ, जिसके तहत उन्हें हैदराबाद विश्वविद्यालय और मोनाश विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त हुआ।

वर्ष 2019 से वे विश्वविद्यालय की रैंकिंग टीम के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने ICAR रैंकिंग में राज्य कृषि विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान हासिल किया और सर्वश्रेष्ठ संस्थान पुरस्कार भी जीता। साथ ही, राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर विश्वविद्यालय की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।

नाहेप परियोजना के तहत उन्होंने 80 संकाय सदस्यों की बहुविषयक टीम का नेतृत्व करते हुए 40 शिक्षकों और 200 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण दिलाया। उनके प्रयासों से विश्वविद्यालय में कई नवाचार स्थापित हुए, जिनमें पंतनगर संग्रहालय, कोविड काल में 65 स्मार्ट क्लासरूम, वर्चुअल लैब और फैकल्टी डेवलपमेंट सेंटर जैसी महत्वपूर्ण पहलें शामिल हैं।

प्रो. कश्यप ने 1500 से अधिक सॉफ्ट स्किल सत्रों का संचालन किया है और 25 से अधिक पुस्तकों तथा 55 शोध पत्रों का लेखन किया है। उन्होंने 75 से अधिक अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ मजबूत शैक्षणिक नेटवर्क भी विकसित किया है।

Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *