ADR रिपोर्ट : देश के 1861 MLA पर क्रिमनल केस,इस राज्य और पार्टी में टॉप पर दागी..

ख़बर शेयर करें

भारत में विधायकों की आपराधिक पृष्ठभूमि और संपत्ति को लेकर एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की नई रिपोर्ट ने चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, देश के 45% विधायकों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 29% पर हत्या, अपहरण और महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।

सबसे ज्यादा दागी विधायकों वाला राज्य आंध्र प्रदेश है, जबकि तेलुगु देशम पार्टी (TDP) सबसे आगे है। इसके अलावा, विधायकों की औसत संपत्ति 17.92 करोड़ रुपये है, जो आपराधिक मामलों वाले विधायकों के मामले में 20.97 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है।

राज्यवार आंकड़े: आंध्र प्रदेश सबसे ऊपर

देश के कुल 4123 विधायकों में से ADR ने 4092 विधायकों के हलफनामों का विश्लेषण किया। रिपोर्ट के मुताबिक, 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1861 विधायकों (45%) के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से सबसे ज्यादा आंध्र प्रदेश में हैं, जहां 174 में से 138 विधायकों (79%) के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 98 विधायकों (56%) पर गंभीर आरोप लगे हैं।

केरल और तेलंगाना दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं, जहां 69% विधायकों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे हैं। बिहार (66%), महाराष्ट्र (65%) और तमिलनाडु (59%) भी इस सूची में शामिल हैं।

पार्टीवार आंकड़े: TDP सबसे आगे

पार्टीवार विश्लेषण में तेलुगु देशम पार्टी (TDP) सबसे ऊपर है। TDP के 134 में से 115 विधायकों (86%) के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 82 (61%) पर गंभीर आरोप हैं। तमिलनाडु की सत्तारूढ़ दल DMK के 74% विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामले हैं।

कांग्रेस के 646 में से 339 विधायकों (52%) और भाजपा के 1653 में से 638 विधायकों (39%) के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के 56% विधायकों के खिलाफ भी आपराधिक मामले हैं।

गंभीर आरोपों वाले विधायक

रिपोर्ट के अनुसार, 54 विधायकों के खिलाफ हत्या के मामले दर्ज हैं, जबकि 226 विधायकों पर हत्या की कोशिश के आरोप हैं। 127 विधायकों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले हैं, जिनमें से 13 पर बलात्कार के आरोप लगे हैं।

संपत्ति का खेल: औसत संपत्ति 17.92 करोड़

देश के विधायकों की औसत संपत्ति 17.92 करोड़ रुपये है। आपराधिक मामलों वाले विधायकों की औसत संपत्ति 20.97 करोड़ रुपये है। 4092 विधायकों में से 119 (3%) अरबपति हैं। सबसे ज्यादा अरबपति विधायक आंध्र प्रदेश (27 विधायक), कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना और हरियाणा से हैं।

ADR की यह रिपोर्ट भारतीय राजनीति में आपराधिकरण और संपत्ति के बढ़ते प्रभाव को उजागर करती है। आंध्र प्रदेश और TDP इस मामले में सबसे आगे हैं, जबकि विधायकों की बढ़ती अकूत संपत्ति और आपराधिक रिकॉर्ड चुनावी सुधारों की तत्काल आवश्यकता को रेखांकित करते हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page