मौसम ने फिर ली करवट, बारिश बर्फबारी से हुआ सर्दी में इज़ाफ़ा..येलो अलर्ट जारी

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड : राज्य में एक बार फिर मौसम का मिजाज़ बदल गया है। प्रदेश के मैदानी जिलों में बूंदाबांदी हो रही है तो ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी के बाद प्रदेशभर में ठंड बढ़ गई है। गंगोत्री, केदारनाथ, चकराता, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा आदि में बर्फबारी के बाद ठंड में इजाफा दर्ज किया गया है। वहीं मौसम विभाग ने 26 से 27 फरवरी को बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है।

नैनीताल में बूंदाबांदी शुरू हो गई जिसके चलते नगर में एकाएक ठंड में बढ़ोतरी हो गई है। आसमान में काले बादल छाने से नगर में ठंड बढ़ने लगी है। साथ ही सर्द हवाएं चलने से लोगों और पर्यटकों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर में सुबह से ही बादल छाए रहे और साथ ही ठंडी हवाएं चलने से ठंड में बढ़ोतरी हुई।

सरोवर नगरी नैनीताल में दो-तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदल रहा है। नैनीताल भ्रमण में आए पर्यटक पंत पार्क में गर्म कपड़ों की खरीदारी करते हुए नजर आए। सुबह शाम नगर में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पाला गिरने से ठंड में इजाफा होने लगा है। जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर में रोजाना मौसम मिजाज बदल रहा है।

मौसम का मिजाज बदलने से लोगों में स्वास्थ संबंधी परेशानियां भी हो रही है। मौसम केंद्र प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि नगर में शनिवार मौसम के मिजाज को देखते हुए बारिश की संभावना और ओलावृष्टि भी हो सकती है।

रानीखेत में बिगड़े मौसम के तेवर बारिश से लौटी ठंड

फरवरी की विदाई से पहले रानीखेत क्षेत्र में मौसम के तेवर एक बार फिर बिगड़ गए हैं। बीती शुक्रवार की रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार को भी जारी है। आसमान में घनघोर घटाओं की मौजूदगी के बीच सुबह से बारिश हो रही है।

इससे पहले गत गुरुवार की रात भी नगर में ओलावृष्टि हुई थी। मौसम की तल्खी के बीच लगातार बारिश से तापमान में एक बार फिर भारी गिरावट आने से ठंड लौट आई है। ठंड से बचने के लिए लोगों को गर्म कपड़े फिर से निकालने पड़े। ठंड से बचने के लिए लोग आग सेंकते भी नजर आए। ऊंचाई वाले इलाकों में पुनः बर्फबारी की संभावना व्यक्त की जा रही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *