Weather Update : उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी,आज इन जिलों में अलर्ट


उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून, नैनीताल, टिहरी और बागेश्वर जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा राज्य के बाकी हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
भारी बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ने की आशंका है। वहीं, निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है। प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और जिला प्रशासन को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश का सबसे ज्यादा प्रभाव चारधाम यात्रा मार्गों पर पड़ा है। विशेष रूप से यमुनोत्री हाईवे की स्थिति बेहद खराब है। सिलाई बैंड के पास बीते शनिवार को बादल फटने की घटना के बाद मार्ग जगह-जगह से बंद हो गया। इस कारण स्याना चट्टी से जानकी चट्टी तक लगभग 850 से अधिक यात्री फंस गए थे।
प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है। मंगलवार की शाम तक करीब 700 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर बड़कोट भेजा गया। बाकी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है और जैसे ही रास्ता पूरी तरह खुलता है, उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में केवल पैदल मार्ग से ही आवागमन संभव हो पा रहा है।
लगातार बारिश से 111 से अधिक सड़कों पर मलबा आने के कारण आवागमन बाधित है। इसमें कई राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं, जो तीन दिनों से बंद पड़े हैं। इसके चलते ग्रामीण इलाकों में जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति में भी बाधा आ रही है। कई गांवों का जिला मुख्यालयों से संपर्क टूट गया है।
राजधानी देहरादून में मंगलवार को सुबह से दोपहर तक तेज बारिश हुई। इसके कारण कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। स्थानीय प्रशासन द्वारा नालियों की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था की जा रही है, लेकिन भारी बारिश के चलते हालात बिगड़ते जा रहे हैं।
हरिद्वार, उधम सिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में मध्य दर्जे की बारिश की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में भी तेज बारिश के अचानक दौर की चेतावनी दी है।
राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वह मौसम की गंभीरता को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से फिलहाल बचें। यदि यात्रा करना अत्यावश्यक हो तो पूरी तैयारी के साथ और स्थानीय प्रशासन की सलाह के अनुसार ही आगे बढ़ें।
उत्तराखंड में मानसून ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में भी राहत की संभावना नहीं है। प्रशासन मुस्तैदी से राहत कार्य में जुटा है, लेकिन खराब मौसम के चलते चुनौतियाँ बनी हुई हैं। राज्य के लोगों और चारधाम यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।


लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com