Uttrakhand – निकाह से पहले ऐसी तकरार की पिता की धड़कनें थम गईं_ छतों से कूद कर भागे बाराती

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड में एक निकाह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब दहेज और मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन के पिता की सदमे में मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बारातियों को घेर लिया, जिसके चलते कई बारातियों को अपनी जान बचाने के लिए छतों से कूदकर भागना पड़ा।

रविवार को बरेली के बड़ा फरीदपुर से बारात खटीमा के इस्लामनगर स्थित खुशबू मैरिज हॉल पहुंची थी। शुरुआती रस्में और मेहमाननवाजी सामान्य रूप से चल रही थीं, लेकिन निकाह के दौरान मेहर और कथित दहेज की मांग को लेकर माहौल अचानक गरमा गया।

बताया जा रहा है मेहर और दहेज की मांग पर फंसा मामला

लड़की पक्ष का आरोप है कि लड़के वालों ने पहले स्कूटी, फिर अपाची बाइक और एक लाख रुपये नकद की मांग रखी थी। वहीं दूल्हा पक्ष के तरफ से बताया जा रहा है की निकाह के वक्त लड़की पक्ष ने सुरक्षा के लिहाज से ₹5.50 लाख मेहर तय करने की बात कही, जबकि दूल्हा मोहम्मद आरिफ और उसका परिवार ₹21,000 मेहर पर अड़ा रहा।

दुल्हन पक्ष का कहना है कि लड़के वाले लगातार नई-नई फरमाइशें कर रहे थे, जबकि लड़के पक्ष ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

सदमे में गई पिता की जान

विवाद बढ़ने के दौरान दुल्हन के पिता सादिक ठेकेदार की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत की खबर मिलते ही शादी का माहौल चीख-पुकार और गम में बदल गया।

गुस्सा फूटा, बारातियों में भगदड़

पिता की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने दूल्हे, उसके भाई और पिता को बंधक बना लिया। हालात बिगड़ते देख बारातियों में भगदड़ मच गई। कई लोग पड़ोसी मकान की छतों पर चढ़ गए और वहां से कूदकर जान बचाने की कोशिश की। इस दौरान एक मकान की छत का हिस्सा भी टूट गया और कई लोग घायल हो गए।

मैरिज हॉल में कुर्सियां तोड़ी गईं और मारपीट की घटनाएं भी सामने आईं।

पुलिस की मौजूदगी में पंचायतों का दौर

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। बंधक बनाए गए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में पंचायत और समझौते की कोशिशें जारी रहीं।

पुलिस का कहना है कि यदि समझौता नहीं होता है तो प्राप्त तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात है।

दूल्हे पक्ष का दावा

निकाह के लिए पहले से ₹21,000 मेहर तय थी।

दहेज या अतिरिक्त मांग का आरोप गलत है।

लड़की पक्ष ने अचानक ₹5.50 लाख मेहर की शर्त रख दी।

घटना के बाद दूल्हे और उसके परिजनों के साथ मारपीट की गई।

तकरार,आरोप- प्रत्यारोप के बीच फिलहाल पुलिस की जांच जारी है लेकिन खुशियां मातम में बदल गयीं।

बेटी की रुख़्सती से पहले पिता की रुख़्सती ने सबको रुला दिया, खुशियों से सजा मैरिज हॉल देखते ही देखते ग़म का मंज़र बन गया।

Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *