उत्तराखंड : चुनावी रंजिश ने ली जान,भाजपा कार्यकर्ता की हत्या,भाई गंभीर रूप से घायल

ADVERTISEMENTS Ad Ad
ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड: राज्य में पंचायत चुनावों की सरगर्मी के बीच चुनावी रंजिश ने हिंसक झगड़े का रूप ले लिया है। भगवानपुर क्षेत्र के खेड़ी शिकोहपुर गांव में बुधवार को एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय शमीम के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी के साथ भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता भी थे। इस हमले में उनका छोटा भाई नफीस भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिन्हें इलाज के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल रेफर किया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह शमीम के परिवार का एक सदस्य बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही दूसरे पक्ष, जिनसे पिछले कुछ समय से चुनावी रंजिश चल रही थी, ने उसे रास्ते में रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। जब शमीम को इस घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और झगड़ा शांत कराने की कोशिश की। लेकिन तनाव इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने शमीम पर ही हमला बोल दिया। उनके सीने और सिर पर गंभीर वार किए गए, जिससे वह मौके पर ही बेसुध हो गए।

परिजन शमीम को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को लेकर भगवानपुर थाने का घेराव किया और सड़क जाम कर दी। हाईवे पर लंबा जाम लग गया जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया।


पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायज़ा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे चुनावी रंजिश की पुष्टि हुई है। शमीम की हत्या और नफीस पर हमले को लेकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।


मृतक शमीम अपने परिवार में सबसे बड़े थे। उनके पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और अब परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। शमीम की मां अभी जीवित हैं और बेटे की मौत से बेसुध हैं। बताया जा रहा है कि शमीम की बड़ी बेटी की शादी की बातचीत चल रही थी, लेकिन अब घर में मातम पसरा है। परिजन और रिश्तेदार गम में डूबे हुए हैं और गांव का माहौल पूरी तरह शोकाकुल है।

Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page