चकमा देकर फरार हुआ रेप का आरोपी_ पुलिस की पहरेदारी धरी रह गई

ADVERTISEMENTS Ad Ad
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। पुलिस और सुरक्षा गार्द की निगरानी में अस्पताल लाया गया दुष्कर्म का आरोपी किशोर मौका मिलते ही फरार हो गया। हल्द्वानी के सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपी टॉयलेट जाने के बहाने अस्पताल की खिड़की से कूदकर भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और उसकी तलाश में टीमें जुटी हैं।

जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने करीब एक महीने पहले 16 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया था। जुवेनाइल कोर्ट के आदेश पर उसे हल्द्वानी स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में रखा गया था।

बृहस्पतिवार, 22 अक्टूबर को किशोर ने बाल संप्रेक्षण गृह में अपनी तबीयत खराब होने की बात कही। इसके बाद सुरक्षा गार्द की निगरानी में उसे उपचार के लिए बेस अस्पताल लाया गया। दोपहर करीब एक बजे उसने टॉयलेट जाने की बात कही। इसी दौरान मौका पाकर वह अस्पताल की खिड़की से कूदकर फरार हो गया।

किशोर के फरार होने की सूचना सुरक्षा गार्द ने तत्काल पुलिस को दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसे आखिरी बार बनभूलपुरा क्षेत्र में देखे जाने की बात सामने आई है। इसके बाद कोतवाली और बनभूलपुरा पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।

फरार आरोपी किशोर की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस उसके परिजनों और करीबियों से पूछताछ करने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सर्विलांस की मदद से भी उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ सर्विलांस की मदद ली जा रही है। उन्होंने जल्द आरोपी को पकड़ने की बात कही है।

अब बड़ा सवाल यह है कि सुरक्षा गार्द की निगरानी में अस्पताल लाए गए किशोर को आखिर भागने का मौका कैसे मिल गया? पुलिस की तलाश के बीच अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी में हुई चूक को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *