भीमताल में दर्दनाक हादसा : मलबे में दबकर महिला समेत दो श्रमिकों की मौत..

ADVERTISEMENTS Ad Ad
ख़बर शेयर करें

भीमताल। नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र के मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल (सुरक्षात्मक दीवार) के निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण स्थल के ऊपर से अचानक मलबा गिरने से दो श्रमिकों की दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। हादसे ने दो परिवारों को गहरे दुख में डुबो दिया। पुलिस ने निर्माण कार्य से जुड़े मालिक और ठेकेदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान मलबा गिरने से श्रमिक दब गए हैं। सूचना मिलते ही भीमताल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, श्रमिक दीवार का बेस तैयार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से मलबा आ गिरा और वहां काम कर रहे श्रमिक उसकी चपेट में आ गए। हादसा दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच हुआ बताया जा रहा है।

इस हादसे में गौरी देवी (38), पत्नी महेंद्र, निवासी संजय नगर, लालकुआं, हाल निवासी निसौला, भीमताल और हरीश थापा (18), पुत्र दीपक थापा की मौत हो गई। वहीं, नेत्र बहादुर उर्फ संजू घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, तीनों श्रमिक मूल रूप से नेपाल के राजापुर के निवासी बताए गए हैं।

घायल श्रमिक को डायल 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), भीमताल भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।

घटना की सूचना पर एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी और भीमताल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के साथ घटनास्थल की जांच की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक झोपड़ी में दोनों मृतकों के शव रखे मिले। वहां स्थानीय लोग और मृतकों के परिजन भी मौजूद थे।

पुलिस घायल श्रमिक के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। निर्माण कार्य से संबंधित मालिक और ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *