STH में मरीजों के बीच पहुंचे विधायक सुमित हृदयेश, कैथ लैब का किया निरीक्षण

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी – विधायक सुमित हृदयेश ने शुक्रवार को डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचकर नवनिर्मित अत्याधुनिक कैथ लैब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। विधायक ने मरीजों से उपचार व्यवस्था, चिकित्सकीय सुविधाओं और अस्पताल में उपलब्ध सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि एस.टी.एच. में स्थापित आधुनिक कैथ लैब कुमाऊँ क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। उन्होंने कहा कि अब हृदय रोगों के उपचार के लिए मरीजों को दिल्ली और अन्य बड़े महानगरों की ओर नहीं भागना पड़ेगा। इससे मरीजों का समय, पैसा और मानसिक परेशानी तीनों की बचत होगी।

उन्होंने कहा कि यह सुविधा केवल एक मशीन नहीं, बल्कि कुमाऊँ की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विधायक ने बताया कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को उन्होंने लगातार सदन में मजबूती से उठाया, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।

हालांकि विधायक ने चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में कैथ लैब के संचालन के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बनी हुई है, जिसके कारण यह सुविधा अभी पूरी क्षमता के साथ शुरू नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शासन एवं संबंधित अधिकारियों से लगातार वार्ता की जा रही है और जल्द ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित कर कैथ लैब को पूर्ण रूप से संचालित किया जाएगा।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है तथा वे क्षेत्र के समग्र विकास और जनसेवा के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

इस अवसर पर पार्षद रवि जोशी, हेमंत शर्मा, मोहन बिष्ट, मोनू पांडे, दिवेश तिवारी, एडवोकेट धर्मवीर, देवेन्द्र नेगी, वसीम डैनी, मोहम्मद गुफरान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *