मुख्यमंत्री ने सौंपे 483 नियुक्ति पत्र, साढ़े चार साल में 33 हजार नौकरियां..

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं को रोजगार देने की दिशा में धामी सरकार ने एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में सिंचाई एवं कृषि विभाग में चयनित 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 473 अभ्यर्थी सिंचाई विभाग और 10 अभ्यर्थी कृषि विभाग से जुड़े हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं मेजर जनरल (से.नि.) भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि खंडूरी जी ने ऐसे उत्तराखंड की कल्पना की थी, जहां युवाओं की पहचान उनकी मेहनत, प्रतिभा और ईमानदारी से हो। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को दिए जा रहे नियुक्ति पत्र उसी सपने को साकार करने की दिशा में मजबूत कदम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल नियुक्ति पत्र नहीं, बल्कि युवाओं की वर्षों की मेहनत, संघर्ष, परिवार के त्याग और उनके अटूट संकल्प का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित युवा पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ अपने दायित्व निभाते हुए राज्य और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि जब भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होती है, तभी योग्य और ईमानदार लोग व्यवस्था का हिस्सा बनते हैं। राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। आज उत्तराखंड में नौकरी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर मिल रही है, जिसने युवाओं के भीतर नई उम्मीद और विश्वास पैदा किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जो सरकार की पारदर्शी और युवा केंद्रित नीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य की जीएसडीपी विकास दर 7.23 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, प्रति व्यक्ति आय में लगभग 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और राज्य का बजट आकार एक लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड गिरावट आई है और अब पहाड़ का युवा पलायन नहीं, बल्कि अपने राज्य में संभावनाएं तलाश रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप राज्य सरकार सिंचाई और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उत्तराखंड के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और योग्यता आधारित बनाया गया है, जिससे युवाओं का भरोसा मजबूत हुआ है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद अब केवल योग्य और मेहनती युवाओं को ही अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा अब स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से भी रोजगार के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ, महंत दलीप सिंह रावत, प्रमुख सचिव मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सुरेंद्र नारायण पांडे और युगल किशोर पंत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *