बच्चों की बेहतरी के लिए बड़ा कदम : हल्द्वानी में आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी : उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को हल्द्वानी नगर क्षेत्र में तीन आधुनिक और सुसज्जित आंगनबाड़ी केंद्रों के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया। ये केंद्र राजेंद्र नगर प्रथम (राजपुरा), सुभाष नगर चतुर्थ और दमुवाढूंगा मल्ली बमौरी क्षेत्रों में स्थापित किए गए हैं।

प्रत्येक भवन पर 18.57 लाख रुपए की लागत से निर्माण कार्य पूरा किया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री रेखा आर्या ने आंगनबाड़ी केंद्रों को “राज्य के भविष्य निर्माण के सशक्त केंद्र” बताते हुए कहा कि ये केवल भवन नहीं, बल्कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास की नींव हैं।

मंत्री आर्या ने कहा, “आंगनबाड़ी केंद्र कोई सामान्य भवन नहीं है, यह वह स्थान है जहां से राज्य के भविष्य की नींव रखी जाती है। यहां बच्चों को सही पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और संस्कार दिए जाते हैं, जो उन्हें आगे चलकर जिम्मेदार और आत्मनिर्भर नागरिक बनाते हैं।” उन्होंने कहा कि अगर बच्चों को बचपन से ही स्वस्थ और शिक्षित माहौल मिले, तो प्रदेश को आने वाले समय में बेहतर मानव संसाधन मिलेगा।

उन्होंने बताया कि हाल ही में 7000 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की नियुक्ति की गई है, जिससे इन केंद्रों की कार्यक्षमता और सेवाएं और अधिक प्रभावशाली हो सकेंगी। इससे न केवल बच्चों को बल्कि महिलाओं और समुदाय को भी बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को ‘एकल महिला स्वरोजगार योजना’ के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देने को कहा। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से एकल महिलाएं (विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा आदि) सरकार की सहायता से स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकती हैं।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पात्र महिलाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाएं, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

इस लोकार्पण कार्यक्रम में कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। इनमें भाजपा अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रविंद्र बाली,रजनी बाली,पार्षद प्रीति आर्या,भरत वल्दिया,हेमंत साहू,वीरेंद्र जायसवाल,हीरालाल साहू,पार्षद पंकज त्रिपाठी,पूर्व पार्षद राजेंद्र भाकुनी,पार्षद नेहा अधिकारी, दिनेश वर्मा, और विक्रम अधिकारी आदि शामिल रहे।

कार्यक्रम में स्थानीय जनता और बच्चों के अभिभावकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन को सकारात्मक पहल बताते हुए सरकार की इस पहल की सराहना की।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page