कल सुबह 11 बजे बजेगा भूकंप का सायरन..


राज्यभर में होगा भूकम्प पूर्व चेतावनी प्रणाली का टेस्ट, मोबाइल पर भी आएगा अलर्ट; 169 सेंसर और 112 सायरन की होगी जांच
देहरादून। अगर कल यानी 9 अक्टूबर को सुबह ठीक 11 बजे आपके आसपास अचानक सायरन बजने लगे या मोबाइल पर अलर्ट, वाइब्रेशन और बीप-बीप की आवाज आए तो घबराने की जरूरत नहीं है। उत्तराखंड में भूकम्प पूर्व चेतावनी प्रणाली की तैयारियों को परखने के लिए राज्यभर में सायरन का परीक्षण किया जाएगा।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि यह सायरन किसी वास्तविक भूकम्प का संकेत नहीं होगा। इसका उद्देश्य लोगों को सायरन की आवाज से परिचित कराना और यह जांचना है कि आपदा की स्थिति में चेतावनी प्रणाली कितनी प्रभावी ढंग से काम कर रही है।
वर्तमान में राज्य में भूकम्प पूर्व चेतावनी प्रणाली के तहत 169 सेंसर और 112 सायरन लगाए गए हैं। परीक्षण के दौरान इनकी कार्यप्रणाली जांची जाएगी। कहीं तकनीकी समस्या सामने आती है तो उसे तत्काल दूर किया जाएगा, ताकि वास्तविक भूकम्प के समय लोगों तक चेतावनी समय पर पहुंच सके।
मोबाइल पर भी आएगा अलर्ट
सायरन के साथ भूदेव मोबाइल ऐप के उपयोगकर्ताओं को भी परीक्षण चेतावनी संदेश, वाइब्रेशन और बीप-बीप की आवाज प्राप्त होगी। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि मोबाइल में भूदेव ऐप का अपडेटेड वर्जन जरूर रखें और ऐप को लोकेशन की अनुमति हमेशा के लिए प्रदान करें।
सरकार भूकम्प पूर्व चेतावनी प्रणाली को और मजबूत करने की दिशा में भी काम कर रही है। आने वाले समय में सेंसर और सायरन की संख्या बढ़ाकर करीब दोगुनी करने तथा लगभग 5 से 10 किलोमीटर के अंतराल पर इन्हें स्थापित करने की योजना है। यूएसडीएमए और आईआईटी रुड़की के सहयोग से अतिरिक्त सेंसर लगाने का प्रस्ताव भी प्रक्रिया में है।
हर महीने 9 तारीख को होगा सायरन टेस्ट
यूएसडीएमए ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक माह की 9 तारीख को सुबह 11 बजे सायरन बजाया जाएगा। इसलिए सायरन सुनकर अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही अनावश्यक रूप से घबराएं।
प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे परिवार के बच्चों, बुजुर्गों और आसपास के लोगों को भी इस परीक्षण की जानकारी दें। साथ ही भूकम्प के दौरान सुरक्षित व्यवहार की जानकारी हासिल करें और समय-समय पर आयोजित होने वाली मॉक ड्रिल में सक्रिय भागीदारी करें।
सायरन डराने के लिए नहीं, बचाने की तैयारी के लिए है,,कल 11 बजे इसकी आवाज सुनें, पहचानें और जागरूक रहें।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com


भावुक हुआ हाईकोर्ट, मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता को दी विदाई
कल सुबह 11 बजे बजेगा भूकंप का सायरन..
किच्छा से खटीमा तक यूओयू की पहल, विद्यार्थियों को दिखाई उच्च शिक्षा की नई राह
नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्यवाही
नैनीताल जू के ऊपर DFO कार्यालय में लगी आग,,फाइलें स्वाहा…Video