चमोली एवलांच : 42 श्रमिक लापता,बचाव अभियान जारी_देखिये रेस्क्यू..Video

28 फरवरी – आज शुक्रवार को उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा गाँव के पास बद्रीनाथ धाम के नजदीक एक भीषण हिमस्खलन की घटना हुई। इस घटना में बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइज़ेशन (BRO) के 57 श्रमिक प्रभावित हुए। पुलिस महानिरीक्षक एवं एसडीआरएफ के अधिकारी रिधिम अग्रवाल के अनुसार, अब तक 15 श्रमिकों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि 42 श्रमिक अभी भी लापता हैं।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों ने चमोली जिले के हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्र में बचाव अभियान चलाया। 10 घायल लोगों का ITBP और सेना के MI कक्षों में उपचार चल रहा है। खराब मौसम की चुनौतियों के बावजूद फंसे हुए शेष श्रमिकों का पता लगाने और उन्हें निकालने के प्रयास जारी हैं।

बचाव अभियान में एसडीआरएफ, सेना और जिला प्रशासन की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। एसडीआरएफ की एक टीम जोशीमठ से रवाना हो चुकी है, जबकि दूसरी टीम को सहस्रधारा हेलीपैड पर अलर्ट पर रखा गया है। भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण ड्रोन ऑपरेशन फिलहाल संभव नहीं हो पाया है। हालांकि, मौसम में सुधार होते ही हाई-एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम को हेलीकॉप्टर के जरिए प्रभावित क्षेत्र में पहुँचाया जाएगा।

अब तक 5 और व्यक्तियों को बचाया जा चुका है, जिनमें से 3 घायल हैं और उन्हें माणा के सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 2 की स्थिति सामान्य है। लामबगड़ में सड़क अवरुद्ध होने के कारण सेना की मदद से मार्ग खोलने का काम भी जारी है।
कुल प्रभावित श्रमिक: 57
सुरक्षित निकाले गए: 15
लापता: 42
घायल: 3
बचाव अभियान: एसडीआरएफ, सेना और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें


सीएम ने बचाव कार्य तेज़ करने के दिये निर्देश
चमोली जनपद के माणा गांव के निकट सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा संचालित निर्माण कार्य के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण हिमस्खलन की घटना घटी। इस घटना में कई मजदूर बर्फ के नीचे दब गए। घटना की खबर मिलते ही ITBP, BRO और अन्य बचाव दलों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने भगवान बदरी विशाल से सभी श्रमिक भाइयों के सुरक्षित बचाए जाने की प्रार्थना की है। उन्होंने बचाव दलों को त्वरित और प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए हैं।
हम सभी की ओर से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि सभी मजदूर सुरक्षित बचाए जाएं। इस मुश्किल घड़ी में हम सभी उनके साथ खड़े हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि सभी बातचीत हो चुकी है। मौसम अभी थोड़ा खराब है, विजिबिलिटी कम है इसलिए हेलीकॉप्टर की सेवाएं नहीं ले पा रहे हैं। हम लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हें। हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द श्रमिक भाइयों को वहां से निकाला जाए। आईटीबीपी, सेना, स्थानीय प्रशासन, वायसेना के लोग और तमाम एक्सपर्ट बचाव राहत कार्य में लगे हैं।
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्थान डबरानी के पास हिमस्खलन तथा मलवा आने से बाधित हो गया है, गंगनानी से डबरानी के बीच लगातार बारिश के चलते पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। जनपद उत्तरकाशी मे लगातार बारिश हो रही है, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात जारी है, मौसम विभाग द्वारा भी भारी बारिश तथा बर्फवारी का अलर्ट जारी किया गया है।
चमोली जनपद के माणा गांव के पास बीआरओ द्वारा 50 किलोमीटर क्षेत्र में हाईवे चौड़ीकरण डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। यहां ईपीसी कंपनी के माध्यम से बीआरओ काम करवा रहा है। हाईवे चौड़ीकरण-डामरीकरण के काम में कंपनी के मजदूर लगे हुए हैं। यह मजदूर वहीं पर टेंट लगाकर रह रहे थे।
माना जा रहा है कि यह घटना देर रात हुई है जिसके कारण 57 मजदूर हिमस्खलन की चपेट में आकर दब गये। यदि सुबह या दिन के समय घटना हुई होती तो मजदूरों को जान बचाने का मौका मिल सकता था।
सीमा सड़क संगठन के कैंप के पास हुए हिमस्खलन के कारण बर्फ में दबे 15 मजदूरों को दोपहर तक रेस्क्यू कर लिया गया था जबकि अभी भी कई मजदूर बर्फ के नीचे दबे हुए हैं। जिनके लिए रेस्क्यू कार्य चल रहा है। हनुमान चट्टी से आगे हाईवे बंद है। जिस वजह से एसडीआरएफ की टीम आगे जाने में परेशानी उठानी पड़ी है।
घटनास्थल से पहले लगभग 20 किलोमीटर तक बर्फ ही बर्फ दिखाई दे रही है। जिसकी वजह से रेस्क्यू कार्य में भी दिक्कत आ रही है। बीआरओ कमांडेंट के अनुसार 15 श्रमिक सुरक्षित हैं जबकि 42 लापता थे। रेस्क्यू किये गये तीन मजदूर घायल हैं जिन्हें सैन्य अस्पताल माणा में भर्ती कराया गया है।


लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com