हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड बैठक में 15 अहम प्रस्ताव पास, कबाड़ की दुकानों पर रोक..

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम की बोर्ड बैठक में गुरुवार को शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई बड़े फैसलों पर मुहर लगी। महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में 15 महत्वपूर्ण जनहित प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में स्वच्छता, बिजली, डिजिटल सेवाओं, आधारभूत ढांचे और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक शुरू होने से पहले उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोनीत 8 पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इसके बाद नगर निगम ने डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया, जिससे भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और आसान होगी।

बोर्ड बैठक के प्रमुख फैसले

नगर निगम की किरायेदारी दुकानों के किराये में 50 प्रतिशत वृद्धि का फैसला लिया गया। साथ ही 31 अक्टूबर 2026 तक किराया जमा करने पर छूट देने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया।

शहर की बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए 200 नए बिजली पोल और तार लगाए जाएंगे।

सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नई गाड़ियां, ट्रैक्टर और टैंकर खरीदे जाएंगे।

नगर निगम मुख्य भवन का विस्तारीकरण कर सिंगल विंडो सिस्टम विकसित किया जाएगा।

सुभाष नगर स्थित नगर निगम भवन में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने पर सहमति बनी।

शहर में महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित किए जाएंगे।

गंगापुर कबड़वाल गोशाला में बायोगैस प्लांट और मृत गोवंश के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए इंसिनरेटर लगाने का प्रस्ताव भी पास हुआ।

सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2026 के तहत उपविधियां बनाने को मंजूरी दी गई।

नगर क्षेत्र में ट्यूबवेल निर्माण और लआरोग्य मंदिर के अनुबंध पर भी प्रस्ताव पारित किए गए।

रिहायशी इलाकों में कबाड़ की दुकानों पर होगी कार्रवाई

बैठक का सबसे चर्चित फैसला पार्षद हरगोविंद रावत के प्रस्ताव पर लिया गया। बोर्ड ने आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को हटाने और भविष्य में ऐसी दुकानों के संचालन पर रोक लगाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर लगाने और सड़क निर्माण के साथ नालियों का निर्माण अनिवार्य करने जैसे प्रस्ताव भी पारित किए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का हर फैसला जनता की सुविधा, पारदर्शिता और शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा पारित सभी प्रस्तावों को तय समय सीमा में धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि हल्द्वानी-काठगोदाम को प्रदेश के सबसे स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहरों में शामिल किया जा सके।

बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी टोलिया एवं सभी पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *