Ad

नशा तस्करों पर ₹10.93 करोड़ की चोट,,184 गिरफ्तारी_ नैनीताल में मंजूनाथ टीसी की पुलिसिंग के चर्चे

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad
ख़बर शेयर करें

नैनीताल। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, बड़े आपराधिक मामलों का तेजी से खुलासा और नशा तस्करों के नेटवर्क पर लगातार प्रहार। नैनीताल जिले में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का कार्यकाल इन अभियानों के लिए खास तौर पर चर्चा में रहा। करीब 13 महीने तक जिले की पुलिस व्यवस्था की कमान संभालने के बाद अब उनका तबादला हो गया है। शासन की ओर से जारी 25 नवंबर 2026 के तबादला आदेश के तहत उन्हें सेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी बनाया गया है।

ADVERTISEMENTSAd

मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल को अपराध नियंत्रण और त्वरित पुलिस कार्रवाई के लिहाज से देखें तो कई ऐसी बड़ी सफलताएं सामने आती हैं, जिनमें पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों तक पहुंचकर मामले का खुलासा किया। हल्द्वानी की बड़ी मंडी का बहुचर्चित डबल मर्डर हो, जज फार्म गोलीकांड हो, राधिका ज्वैलर्स में लाखों की चोरी या फिर महिलाओं और बुजुर्गों के खिलाफ अपराध, पुलिस ने कई मामलों में तेजी से कार्रवाई की।

खास बात यह रही कि पुलिस की कार्रवाई केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रही, बल्कि पहाड़ी इलाकों में भी कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर अभियान चलाए गए। वहीं, कैंची धाम जैसे अत्यधिक भीड़ वाले धार्मिक स्थल पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभालना भी पुलिस प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती रही।

करीब एक साल के इस कार्यकाल में मंजूनाथ टीसी की पुलिसिंग का एक प्रमुख पक्ष अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई और दूसरा नशे के कारोबार पर चोट रहा। पुलिस के उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, उनके कार्यकाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत 150 मुकदमे दर्ज कर 184 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बरामद नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत 10 करोड़ 93 लाख रुपये बताई गई है।

6 से 48 घंटे के भीतर बड़े मामलों का खुलासा, कई कार्रवाई बनीं चर्चा का विषय

मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल में नैनीताल पुलिस की कई ऐसी कार्रवाइयां रहीं, जिनमें तेजी से खुलासे और गिरफ्तारियां पुलिस की बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आईं।

कार्रवाई पर एक नजर

6 घंटे में डबल मर्डर का खुलासा_हल्द्वानी की बड़ी मंडी में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

10 घंटे में गिरफ्तारी_ वल्दियाखान क्षेत्र में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास, लूट और मारपीट के आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया।

12 घंटे में कार्रवाई_ कालाढूंगी में ट्रैक्टर से कार सवार को कुचलने का प्रयास करने वाले आरोपी को ट्रैक्टर समेत गिरफ्तार किया।

24 घंटे में जज फार्म गोलीकांड का खुलासा_हल्द्वानी के जज फार्म में गोलीकांड और हत्या के मामले में पार्षद को गिरफ्तार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल भेजा गया।

24 घंटे में झपटमारी का खुलासा_मुखानी में बुजुर्ग महिला से सोने के कुंडल छीनने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आभूषण बरामद किए।

चोरी के मामले में नकदी बरामद_ मुखानी क्षेत्र में कार्यालय में चोरी के मामले का खुलासा कर शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 3 लाख 17 हजार 500 रुपये और दस्तावेज बरामद हुए।

48 घंटे में राधिका ज्वैलर्स चोरी का खुलासा¢मुखानी के चर्चित ज्वैलरी शोरूम चोरी प्रकरण में मकसूद समेत तीन आरोपियों को बनबसा से गिरफ्तार कर करीब 22 लाख रुपये का सोना बरामद किया गया।

डकैती, हत्या, सेक्स रैकेट और करोड़ों की ठगी पर भी कार्रवाई

एसएसपी के कार्यकाल में कई अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलताएं मिलीं।

गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। सात तमंचे, 19 कारतूस, तीन वाहन और लूटी गई 2.39 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।

लालकुआं में 35 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के आभूषणों की तीन चोरियों का खुलासा किया।

रामनगर के एक रिजॉर्ट में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर 51 लोगों को गिरफ्तार किया।

भवाली में एक प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़े चर्चित सेक्सटॉर्शन मामले का पर्दाफाश किया।

रामनगर में नवविवाहिता की दहेज हत्या के मामले में पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया।

रामनगर में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गौलापार में करोड़ों रुपये के आईपीएल सट्टे के नेटवर्क का पर्दाफाश कर एक घंटे के भीतर तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया।

मुखानी में दो चोरियों का खुलासा कर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया। नौ लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की।

अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में ईवीसीएल क्रिकेट लीग से जुड़ी 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर बैंक खाते फ्रीज कराए।

अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करीब 6.7 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।

रामनगर में घर और रिजॉर्ट में हुई दो चोरियों का खुलासा कर 30 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण और 12 लाख रुपये नकद बरामद किए।

वहीं, रामनगर के पूछड़ी क्षेत्र में फेस-1 और फेस-2 में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया गया।

नशा तस्करों पर सबसे बड़ा प्रहार, 10.93 करोड़ के मादक पदार्थ बरामद

मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियों में नशा तस्करी के खिलाफ चलाया गया अभियान भी शामिल रहा। पुलिस की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, 28 अक्टूबर 2025 से 25 नवंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 150 मुकदमे दर्ज किए गए और 184 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

₹10.93 करोड़
अनुमानित कीमत के मादक पदार्थों की बरामदगी इस अभियान का सबसे अहम आंकड़ा रहा।

नैनीताल पुलिस की बरामदगी का पूरा ब्योरा :

मादक पदार्थबरामद मात्रा
चरस25 किलो 846 ग्राम
स्मैक3 किलो 24 ग्राम 675 मिलीग्राम
गांजा179 किलो 215 ग्राम
डोडा34 किलो 799 ग्राम
नशीले कैप्सूल व गोलियां 1,422
नशीले इंजेक्शन 2,325

बरामदगी के आंकड़ों में स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 9.72 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा चरस की कीमत 51.60 लाख, गांजे की 44.80 लाख और अन्य मादक पदार्थों की कीमत भी लाखों रुपये आंकी गई है।

नशे के कारोबार पर कार्रवाई का सीधा संदेश था कि जिले में तस्करी के नेटवर्क को किसी भी सूरत में खुली छूट नहीं दी जाएगी।

912 खोए मोबाइल लौटाकर जीता लोगों का भरोसा

अपराध नियंत्रण के साथ जनसेवा के मोर्चे पर भी नैनीताल पुलिस की एक उल्लेखनीय उपलब्धि रही। पुलिस ने 912 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

यह उपलब्धि बताती है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराधियों को पकड़ने तक सीमित नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना भी है।

कैंची धाम में चुनौतीपूर्ण व्यवस्था, पुलिस की बड़ी परीक्षा

नैनीताल जिले में कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के बीच यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रहा। खासकर सप्ताहांत और धार्मिक आयोजनों के दौरान भवाली, भीमताल, कैंची धाम और आसपास के पहाड़ी मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है।

ऐसे चुनौतीपूर्ण अवसरों पर पुलिस ने यातायात नियंत्रण, रूट डायवर्जन, पार्किंग और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए विशेष इंतजाम किए। इस व्यवस्था को लेकर आम लोगों और श्रद्धालुओं की ओर से भी पुलिस के प्रयासों की सराहना की गई।

13 महीने का कार्यकाल, अब नई जिम्मेदारी की ओर मंजूनाथ टीसी

डॉ. मंजूनाथ टीसी का नैनीताल से तबादला 25 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश के तहत हुआ है। अब उन्हें सेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अर्पण यदुवंशी नैनीताल के नए एसएसपी होंगे।

कुल मिलाकर मंजूनाथ टीसी के नैनीताल कार्यकाल की पहचान कई बड़े आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई, नशा तस्करों के खिलाफ अभियान, चोरी और ठगी के मामलों के खुलासे तथा खोए मोबाइल की बरामदगी जैसी उपलब्धियों से बनी।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *