दुःखद हादसा : गहरी खाई में कार गिरने से पिता समेत दो की मौत.. मातम में बदली खुशियां

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड : राज्य के पर्वतीय इलाके चम्पावत में हुए दर्दनाक़ हादसे ने एक बेटे के सर से पिता का साया छीन लिया, जानकारी के मुताबिक बेटे के जन्मदिन की पार्टी के बाद मेहमानों को छोड़कर लौट रहे पिता समेत दो ग्रामीणों की हादसे में मौत हो गई। कार खाई में गिरने से दो लोगों की मौत और दो अन्य के गंभीर रूप से घायल होने की यह दु:खद घटना रात पाटी के रैंगलबैंड के पास हुई। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया। दुर्घटना की जानकारी आठ घंटे बाद मिल सकी।

ग्राम नरियालटाक ढरोज निवासी डूंगर सिंह के बेटे का जन्मदिन बुधवार को था। जन्मदिन मनाने के बाद रात में डूंगर सिंह मेहमानों को छोड़ने के लिए कार से मूलाकोट गए थे। वहां से लौटते समय रात 10 बजे बाद रैंगलबैंड से एक किमी दूर देवीधुरा की तरफ कार 80 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई।हादसे में डूंगर सिंह (30) पुत्र गणेश सिंह और वहीं के होशियार सिंह (26) पुत्र महा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि प्रकाश सिंह पुत्र गणेश सिंह और मदन सिंह पुत्र खुशाल सिंह घायल हो गए। रातभर बेहोश रहे घायल प्रकाश सिंह ने होश आने पर बृहस्पतिवार सुबह फोन कर घटना की सूचना पत्नी को दी। तभी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

थानाध्यक्ष सुधाकर जोशी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायलों को खाई से निकाला। पाटी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पीएमएस डॉ. एचएस ऐरी ने बताया कि हालत गंभीर होने पर दोनों घायलों को हल्द्वानी के सुशील तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हादसे की वजह पता नहीं चल सकी लेकिन स्थानीय लोगों ने घना कोहरा होने से दुर्घटना की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।

फरवरी के पहले नौ दिन में दूसरी दुर्घटना
चंपावत जिले में 14 माह में यह 15वां बड़ा हादसा है। इस साल फरवरी में यह दूसरी दुर्घटना है। इससे पहले एक फरवरी की रात लोहाघाट के बलाई मोटर मार्ग पर एक पिकअप खाई में गिर गई थी। इसमें चालक की मौत हो गई थी। वैसे 2021 में 13 सड़क दुर्घटनाओं में 11 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 17 लोग घायल भी हो चुके हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *