सिख फेडरेशन ने कहा_ सार्वजनिक माफी मांगें सुबोध उनियाल..

ADVERTISEMENTS Ad Ad
ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड। टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बढ़ता जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर पहुंचकर गायक की प्रस्तुति पर नाराजगी जताई और उन्हें कड़े शब्दों में टोका। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संगीत और फिल्म जगत की कई हस्तियां दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आई हैं।

18 अक्टूबर की रात आयोजित कार्यक्रम में दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और गायक के गाने के तरीके तथा उनकी स्थिति पर सवाल उठाए। वायरल वीडियो में मंत्री को यह कहते सुना जा सकता है, “बोला तो जा नहीं रहा, गाना क्या गाओगे ? उन्होंने कार्यक्रम में आए दर्शकों की अपेक्षाओं और प्रस्तुति को लेकर भी नाराजगी जताई।

मंत्री ने आरोप लगाया कि गायक शराब के नशे में थे और ठीक से प्रस्तुति नहीं दे पा रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम के लिए बड़ी रकम खर्च की गई थी।

विवाद के बाद गायक मीका सिंह खुलकर अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी के समर्थन में आए। उन्होंने कहा कि दलेर मेहंदी ने हाल ही में बड़ी सर्जरी कराई थी और उनकी तबीयत भी ठीक नहीं चल रही थी। मीका ने शराब पीने के आरोप पर सवाल उठाते हुए चुनौती दी कि यदि कोई दलेर मेहंदी को शराब पीते हुए देखने का दावा साबित कर दे, तो वह गायकी छोड़ देंगे।

मीका ने यह भी कहा कि कलाकार कई बार खराब स्वास्थ्य के बावजूद अपनी पहले से तय जिम्मेदारियां निभाने के लिए कार्यक्रमों में पहुंचते हैं। उनके मुताबिक, किसी प्रस्तुति को लेकर नाराजगी हो सकती है, लेकिन बिना पुष्टि के किसी कलाकार पर गंभीर आरोप लगाना उचित नहीं है।

अनुपम खेर ने भी जताई नाराजगी

अभिनेता अनुपम खेर ने भी दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए सार्वजनिक मंच पर इस तरह टोकने के तरीके पर सवाल उठाए। खेर ने कहा कि वह दलेर मेहंदी को करीब 25 से 30 वर्षों से जानते हैं और उनके व्यक्तिगत अनुभव में गायक शराब नहीं पीते। उन्होंने यह भी बताया कि दलेर मेहंदी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे हैं।

अनुपम खेर के अनुसार, यदि आयोजकों या किसी जनप्रतिनिधि को प्रस्तुति से शिकायत थी, तो उसे मंच से अलग भी सम्मानपूर्वक उठाया जा सकता था। उन्होंने मनोरंजन जगत के अन्य लोगों से भी दलेर मेहंदी के समर्थन में अपनी बात रखने की अपील की। मीका सिंह के अलावा रैपर बादशाह और कॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी गायक के समर्थन में प्रतिक्रिया दी है।

यूनाइटेड सिख फेडरेशन की नाराजगी और माफी की मांग

यूनाइटेड सिख फेडरेशन ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए नाराजगी जताई है फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने मंत्री के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की है।

फेडरेशन की ओर से आपत्ति जताई गई है कि किसी कलाकार की प्रस्तुति पर सवाल उठाने और उसके खिलाफ शराब पीने जैसा आरोप लगाने के बीच अंतर है। यदि कार्यक्रम को लेकर कोई शिकायत थी, तो उसे तथ्यों की जांच के बाद उचित तरीके से उठाया जाना चाहिए था। सार्वजनिक मंच पर कलाकार को इस तरह संबोधित करना उत्तराखंड की अतिथि-सत्कार की परंपरा के अनुरूप नहीं होने की बात भी कही गई है।

सिख फेडरेशन की ओर से कहा गया कि पंजाब और उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और मंत्री सुबोध को खामियाजा भुगतना पड़ेगा यदि वह सार्वजनिक माफी नहीं मांगते हैं।

Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *