“प्लीज, बच्चों को गाड़ी मत दीजिए..” हादसों से आहत SSP नैनीताल की भावुक अपील

ADVERTISEMENTS Ad Ad
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। सड़क हादसे सिर्फ जान नहीं लेते, बल्कि हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां भी हमेशा के लिए छीन लेते हैं। हादसे के बाद अस्पतालों में अपनों के लिए बिलखते परिजनों का दर्द हर किसी को झकझोर देता है। इसी दर्द को महसूस करते हुए नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अभिभावकों से एक भावुक अपील की है_ कृपया, अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दें।

कुमाऊं द्वार महोत्सव-2026 के मंच से एसएसपी ने हाल ही में हल्द्वानी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे का जिक्र करते हुए अभिभावकों और युवाओं को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे हादसों के दृश्य देखकर उन्हें भी रात में नींद नहीं आती। जब किसी परिवार का चिराग बुझता है, तो बहुत दुख होता है।

कुछ मिनट की जल्दबाजी, जिंदगी भर का दर्द

एसएसपी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी हालत में दोपहिया या चारपहिया वाहन न दें। बच्चों को समय पर स्कूल, कॉलेज या दूसरे गंतव्य तक पहुंचाने की चिंता में उनकी सुरक्षा से समझौता न करें। जरूरत पड़ने पर बस या ऑटो जैसे सुरक्षित विकल्पों का सहारा लें।

उन्होंने युवाओं की तेज रफ्तार पर भी चिंता जताई और अभिभावकों से बच्चों की ड्राइविंग पर नजर रखने की अपील की। वाहन चलाने वाले युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने, गति नियंत्रित रखने और जिम्मेदारी से वाहन चलाने के लिए प्रेरित करने की जरूरत है। उन्होंने स्पीड गवर्नर, डैशकैम और जीपीएस जैसे सुरक्षा उपायों को अपनाने पर भी जोर दिया।

बच्चों की सुरक्षा से बढ़कर कुछ नहीं

एसएसपी का संदेश साफ है_सड़क पर की गई एक छोटी-सी लापरवाही किसी परिवार को उम्रभर का दर्द दे सकती है। तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी को बहादुरी समझने वाले युवाओं को यह समझना होगा कि घर पर कोई उनका इंतजार कर रहा है।

बच्चों को वाहन की चाबी सौंपने से पहले एक बार उनकी सुरक्षा के बारे में जरूर सोचें। कुछ मिनट की सुविधा के लिए उनकी जिंदगी को खतरे में न डालें। बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखना केवल पुलिस की नहीं, हर अभिभावक और समाज की जिम्मेदारी है।

एसएसपी की यह भावुक अपील हर परिवार तक पहुंचनी चाहिए, ताकि सड़क हादसों में किसी और घर का चिराग न बुझे और किसी मां-बाप को अपने बच्चे को खोने का दर्द न सहना पड़े।

Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *