पैरामेडिकल छात्रों ने सांसद अजय भट्ट को सौंपा ज्ञापन, इंटर्नशिप स्टाइपेंड की मांग


हल्द्वानी। अस्पतालों में मरीजों की जांच, उपचार और आपातकालीन सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा संभालने वाले पैरामेडिकल छात्रों ने अब अपनी आर्थिक परेशानियों को लेकर आवाज बुलंद की है। इंटर्नशिप के दौरान उचित स्टाइपेंड दिए जाने की मांग को लेकर छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय सांसद अजय भट्ट से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
छात्रों का कहना है कि BMLT, BMRITT, BOTT सहित विभिन्न पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत छात्र इंटर्नशिप के दौरान अस्पतालों में डॉक्टरों और वरिष्ठ स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सेवाएं देते हैं। आपातकालीन परिस्थितियों से लेकर नियमित स्वास्थ्य सेवाओं तक वे दिन-रात अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद इंटर्नशिप अवधि में उन्हें कोई स्टाइपेंड नहीं मिलता।
छात्रों ने बताया कि पढ़ाई पूरी करने के बाद इंटर्नशिप उनके व्यावसायिक जीवन की महत्वपूर्ण कड़ी होती है। इसी दौरान उन्हें अस्पताल की वास्तविक कार्यप्रणाली और मरीजों की सेवा का व्यावहारिक अनुभव हासिल करना होता है। लेकिन बिना किसी आर्थिक सहायता के इंटर्नशिप करना कई छात्रों के लिए अतिरिक्त बोझ बन जाता है। दैनिक आवागमन, भोजन और अन्य जरूरी खर्चों के साथ पढ़ाई का आर्थिक दबाव भी उनके सामने बना रहता है।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से मांग की कि जिस तरह मेडिकल इंटर्न के लिए स्टाइपेंड की व्यवस्था है, उसी तर्ज पर पैरामेडिकल छात्रों के लिए भी सम्मानजनक और निश्चित स्टाइपेंड नीति लागू की जाए। छात्रों का कहना था कि मरीजों की सेवा में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए उनकी मेहनत और समय का भी संस्थागत स्तर पर सम्मान होना चाहिए।
सांसद अजय भट्ट ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में पैरामेडिकल कर्मियों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है और इस विषय को संबंधित मंत्रालय एवं सक्षम अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा, ताकि छात्रों के हित में उचित निर्णय लिया जा सके।
इस दौरान छात्र प्रतिनिधिमंडल में धनेश उपाध्याय, भास्कर सती, काजल, प्रियंका, शुभम प्रताप, शुभम गिरी और तनुज सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com




पैरामेडिकल छात्रों ने सांसद अजय भट्ट को सौंपा ज्ञापन, इंटर्नशिप स्टाइपेंड की मांग
उत्तराखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल, नैनीताल में SP हरबंस सिंह की वापसी..
आजादी के 75 साल बाद नदगल गांव पहुंचेगी सड़क
छात्रसंघ चुनाव_MBPG में नियमों की लक्ष्मण रेखा तय,प्रिंटेड प्रचार और रैली पर पाबंदी..
मीडिया सेंटर का नाम स्व. गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव