हमारी शिकायत पर सुनवाई नहीं, राहुल गांधी पर चंद मिनटों में FIR..यशपाल,, थानों में धड़ाधड़ तहरीरें


हल्द्वानी में सियासी संग्राम….
हल्द्वानी। उत्तराखंड की सियासत में हल्द्वानी से उठा ‘शुद्धिकरण’ विवाद अब सीधे सड़क से पुलिस थानों और सरकारी दफ्तरों तक पहुंच गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण को लेकर शुरू हुआ विवाद राहुल गांधी के खिलाफ FIR और उसके बाद कांग्रेस के पलटवार तक पहुंच चुका है। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समर्थकों और कांग्रेस नेताओं के साथ SSP कार्यालय पहुंचे और कथित शुद्धिकरण मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस का आरोप है कि किसी राजनीतिक कार्यक्रम के बाद मंच का कथित ‘शुद्धिकरण’ महज राजनीतिक विरोध का मामला नहीं है, बल्कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और दलित समाज के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है। पार्टी ने इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
‘हमारी शिकायत पर सुनवाई नहीं, राहुल गांधी पर चंद मिनटों में FIR’
मीडिया से बातचीत में यशपाल आर्य ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस ने शिकायत दी थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया, जबकि राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस को आधार बनाकर कुछ ही समय में FIR दर्ज कर दी गई।
उन्होंने इसे राजनीतिक भेदभाव बताते हुए कहा कि एक तरफ राहुल गांधी जैसे राष्ट्रीय नेता के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज हो जाता है, जबकि कांग्रेस जिस मामले में कार्रवाई की मांग कर रही है, उसमें अब तक FIR नहीं हुई। यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि यह भाजपा की ‘दलित विरोधी मानसिकता’ को दर्शाता है।
राहुल गांधी के खिलाफ FIR के बाद चढ़ा पारा
राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज होने के अगले ही दिन कांग्रेस ने प्रदेशभर में विरोध का मोर्चा खोल दिया। हल्द्वानी में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कोतवाली का घेराव किया गया। इस दौरान हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी इस मुद्दे को अब जिला स्तर से आगे प्रदेश स्तर पर ले जाने की तैयारी में है।
देहरादून से लेकर पहाड़ तक थानों में पहुंची कांग्रेस
हल्द्वानी से शुरू हुआ विरोध अब पूरे उत्तराखंड में फैलता दिखाई दे रहा है। कांग्रेस नेताओं ने नैनीताल, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी समेत कई जिलों में पुलिस को तहरीर देकर कथित शुद्धिकरण में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है।
देहरादून में कांग्रेस के SC विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल DGP कार्यालय के बाहर उपवास पर बैठ गए। वहीं कांग्रेस ने देहरादून में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ भी तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि मामला अब सिर्फ हल्द्वानी तक सीमित नहीं रहने वाला। पार्टी 7 सितंबर को देहरादून में बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी में है। इसमें उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होने की बात कही गई है।
यानी आने वाले दिनों में यह विवाद उत्तराखंड की सियासत में बड़ा मुद्दा बन सकता है।
‘क्या राहुल गांधी हल्द्वानी आएंगे ?’ सवाल पर यशपाल आर्य का जवाब
जब यशपाल आर्य से पूछा गया कि क्या राहुल गांधी खुद हल्द्वानी आएंगे, तो उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के लिए हजारों-हजार कार्यकर्ता खड़े हैं और जब तक न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com




हमारी शिकायत पर सुनवाई नहीं, राहुल गांधी पर चंद मिनटों में FIR..यशपाल,, थानों में धड़ाधड़ तहरीरें
47 किलोमीटर तक चलती बस में दरिंदगी_ 16 साल की नाबालिग के साथ गैंगरेप
‘शुद्धिकरण’ पर कांग्रेस का मौन प्रहार, बारिश में भी रामलीला मैदान पहुंचा हुजूम_haldwani
हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ FIR.. जानिए आरोप क्या हैं
नैनीताल-बागेश्वर जिले में बारिश का असर,कल सभी स्कूल बंद..Heavy rain alert_haldwani