विश्व दुग्ध दिवस पर नैनीताल दुग्ध संघ का भव्य कार्यक्रम,घर-घर पहुंचेगा आँचल का संदेश

ADVERTISEMENTS Ad Ad
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी : विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर हल्द्वानी में नैनीताल दुग्ध संघ द्वारा एक भव्य और सारगर्भित कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में हल्द्वानी के महापौर गजराज बिष्ट, दुग्ध संघ नैनीताल के अध्यक्ष मुकेश बोरा, पूर्व विधयक नवीन दुम्का एवं दुग्ध विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान और उपभोक्ता उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान दुग्ध क्षेत्र से जुड़े तमाम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, विशेषकर यह कि किस प्रकार राज्य के दुग्ध उत्पादकों को और अधिक सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “विश्व दुग्ध दिवस” को केवल एक दिन की रस्म तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे एक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा जो आगामी 4 जून तक चलेगा। इस दौरान न केवल जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, बल्कि घर-घर जाकर लोगों को यह बताया जाएगा कि उत्तराखंड का अपना ब्रांड “आंचल” न केवल शुद्धता का प्रतीक है, बल्कि यह राज्य के दुग्ध उत्पादक किसानों की मेहनत और गुणवत्ता का प्रमाण भी है।

उन्होंने बताया कि दुग्ध विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा एक विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसके अंतर्गत हर घर में जाकर “आंचल” दूध और उससे बने उत्पादों के लाभ के बारे में बताया जाएगा। लोगों को यह समझाने की कोशिश की जाएगी कि स्थानीय दुग्ध उत्पादों का इस्तेमाल न केवल स्वास्थ्यवर्धक है, बल्कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बसे किसानों की आमदनी में भी सीधा इजाफा होता है।

कार्यक्रम में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि दुग्ध उत्पादक किसानों की उत्पादन लागत कम करने, उन्हें उन्नत तकनीकों और प्रशिक्षण से जोड़ने और दूध की खरीद दर में पारदर्शिता लाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसके अलावा, दुग्ध वितरण प्रणाली को भी और अधिक मजबूत और कुशल बनाने की योजनाओं पर विचार किया गया।


इस ख़ास अवसर परनगर निगम हल्द्वानी के महापौर गजराज बिष्ट ने नगर निगम के एक पार्क को “आंचल कैफे” के लिए देने की घोषणा की। नैनीताल दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि इस पार्क में 15 लाख रुपये की लागत से हाईटेक आंचल कैफे का निर्माण किया जाएगा।

Ad Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page