हल्द्वानी : KVM स्कूल में भीषण आग लगी, बसें भी चपेट में..Video


हल्द्वानी। शहर के मुखानी क्षेत्र स्थित KVM स्कूल परिसर में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब केवीएम स्कूल बिल्डिंग में अचानक भीषण आग भड़क उठी। शाम करीब 7 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और स्कूल की बहुमंजिला इमारत धू-धूकर जलने लगी। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है आग की चपेट में स्कूल परिसर में खड़ी तीन बसें भी आ गईं हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने आग की भयावहता को देखते हुए मोर्चा संभाला और लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें दूर-दूर से देखा जा सकता था। घटना के समय स्कूल परिसर में किसी व्यक्ति के फंसे होने की सूचना नहीं मिली है, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
फिलहाल प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
अपडेट – फायर और पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा, आग पर पाया गया काबू
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र स्थित केवीएम स्कूल में मंगलवार शाम लगी आग पर फायर ब्रिगेड और पुलिस विभाग की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के चलते समय रहते काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों की मुस्तैदी और दमकल कर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया तथा आग को आसपास की संपत्तियों तक फैलने से रोक लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 23 जून 2026 को शाम 7:02 बजे डायल-112 एवं सीसीआर के माध्यम से फायर स्टेशन हल्द्वानी को केवीएम स्कूल, हीरा नगर में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन हल्द्वानी से एक फायर टेंडर और अग्निशमन दल को मात्र एक मिनट के भीतर 7:03 बजे घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया।
मौके पर पहुंचने के बाद आग की गंभीरता को देखते हुए फायर स्टेशन से दो अतिरिक्त फायर टेंडर भी 7:10 बजे घटनास्थल पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए लगातार पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास शुरू किए। कड़ी मशक्कत और सुनियोजित कार्रवाई के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूल परिसर के पार्किंग क्षेत्र में खड़ी दो बसें आग की चपेट में आ गई थीं। इसके अलावा भूतल पर स्थापित एक जनरेटर सेट भी आग से प्रभावित हुआ। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को अन्य वाहनों, भवनों और आसपास की संपत्तियों तक फैलने से रोक लिया गया।
प्रथम दृष्टया आग लगने का संभावित कारण आसपास चल रहा वेल्डिंग कार्य माना जा रहा है। आशंका है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से आग भड़की हो, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फायर विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
घटना के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए रखी। समय पर मिली सूचना, फायर विभाग की सक्रियता और पुलिस की मुस्तैदी के कारण एक संभावित बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com




KVM स्कूल में लगी आग पर पुलिस और फायर टीम ने पाया काबू..Video
हल्द्वानी : KVM स्कूल में भीषण आग लगी, बसें भी चपेट में..Video
Haldwani_1200 दुकानदारों की चिंता मेयर तक पहुंची…
‘पिरुल गर्ल ऑफ नैनीताल’_वनाग्नि की वजह को बना दिया रोजगार का जरिया,ये कहानी अलग है..
दुःखद: खाई में गिरी स्कॉर्पियो,हादसे में चौकी इंचार्ज विनोद शर्मा की मौत