कैंचीधाम_भीड़ बढ़ी तो पुलिस ने बदली रणनीति, 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे

ख़बर शेयर करें

कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच नैनीताल पुलिस ने आस्था और व्यवस्था के बीच बेहतर तालमेल कायम किया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस ने ऐसा ट्रैफिक प्लान लागू किया है, जिससे हजारों श्रद्धालु बिना अनावश्यक परेशानी के कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली के दर्शन कर रहे हैं। अब तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और भक्तों का पहुंचना लगातार जारी है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विकास भवन भीमताल, भवाली चौराहा और सेनेटोरियम से लगातार शटल बसों एवं टैक्सियों का संचालन किया जा रहा है। पार्किंग स्थलों पर वाहन रोककर श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए कैंची धाम पहुंचाया जा रहा है। इससे पहाड़ी मार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने के साथ श्रद्धालुओं के लिए सफर भी आसान हुआ है।

दर्शन के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षित और व्यवस्थित निकासी पर भी पुलिस का विशेष फोकस है। लगातार एग्जिट व्यवस्था के चलते भीड़ को एक जगह जमा होने से रोका जा रहा है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल डायवर्जन और शटल व्यवस्था के प्रभावी संचालन से जाम अथवा भीड़ के कारण श्रद्धालुओं को बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी सिटी हल्द्वानी, एसपी संचार, सीओ, थाना-चौकी प्रभारी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, सीपीयू और पीएसी समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी ग्राउंड पर तैनात हैं। प्रमुख मार्गों, डायवर्जन प्वाइंट और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है।

वन वे ट्रैफिक- आज शाम को 4:00 से हल्द्वानी काठगोदाम से पहाड़ की ओर जाने वाले रास्ते बंद रहेंगे, टैक्सी संचालकों के साथ बैठक, ट्रैफिक प्लान पर स्पष्ट निर्देश

कैंची धाम, भवाली और नैनीताल में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए हल्द्वानी-काठगोदाम टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें आज के एग्जिट एवं डायवर्जन प्लान की जानकारी दी गई।

वाहन चालकों को बताया गया कि पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित नैनीताल रूट से शाम 3:30 बजे तक ही आगे जाने की अनुमति होगी। इसके बाद शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक इस रूट पर वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने, सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़े न करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

वीकेंड पर बढ़ी भीड़ के बीच एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र स्वयं कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए ट्रैफिक प्लान को प्रभावी ढंग से लागू कराने के निर्देश दिए।

कैंची धाम में इस वक्त सिर्फ वाहनों और भीड़ को नियंत्रित करने की चुनौती नहीं है, बल्कि हजारों श्रद्धालुओं की आस्था को सुरक्षित और सहज तरीके से बाबा के दरबार तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी पुलिस के कंधों पर है। पुलिस की कोशिश यही है कि भक्तों की यात्रा में व्यवस्था बाधा नहीं, बल्कि सहारा बने।

Ad Ad Ad Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *