20 – 25 हजार में मिलती है लड़कियां, कैबिनेट मंत्री के पति के विवादित बयान पर हंगामा, माफी..


उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री के पति के एक विवादित बयान ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद जहां विपक्ष ने सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है, वहीं सत्ताधारी दल के भीतर भी इस बयान को लेकर असहजता साफ नजर आ रही है। सर्दी के मौसम में यह बयान प्रदेश की राजनीति को गरमा गया है।
पूरा विवाद अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा से जुड़े एक वीडियो के सामने आने के बाद शुरू हुआ। वीडियो में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान वह कहते हैं, “बिहार में लड़कियां 20–25 हजार में मिल जाती हैं, चलो हमारे साथ, तुम्हारी शादी करवा देंगे।”

वीडियो के वायरल होते ही कांग्रेस ने इसे महिलाओं का खुला अपमान बताते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला। अल्मोड़ा से कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी ने भी इस बयान को अशोभनीय और निंदनीय करार दिया है।
कांग्रेस ने किया घेराव

विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने गुरुवार को देहरादून और अल्मोड़ा में जोरदार प्रदर्शन किया। देहरादून में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री के आवास का घेराव करने की कोशिश की, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। इस दौरान नारेबाजी, पुतला दहन और प्रतीकात्मक विरोध देखने को मिला।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने बयान को मानव तस्करी, बाल विवाह और महिला शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि
“इस तरह की सोच समाज के लिए बेहद खतरनाक है और मंत्री के पति ने उत्तराखंड की छवि को धूमिल किया है।”
क्या है पूरा मामला
साल 2022 में सोमेश्वर से विधायक चुनी गईं रेखा आर्य अब 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हैं। इसी सिलसिले में उनके पति गिरधारी लाल साहू करीब एक सप्ताह पहले सोमेश्वर विधानसभा के दौलाघाट क्षेत्र पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में मंच से उन्होंने यह विवादित टिप्पणी कर दी।
गिरधारी लाल साहू ने संबोधन के दौरान एक युवा कार्यकर्ता से उसकी उम्र पूछते हुए कहा- “शादी क्यों नहीं की, अभी तक तीन-चार बच्चे हो जाते। लड़की हम बिहार से ले आएंगे, वहां 20–25 हजार में मिल जाती है।”
विवाद बढ़ने पर आई सफाई

मामले ने तूल पकड़ा तो गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका बयान हास्य के रूप में था और इसे विरोधियों ने तोड़-मरोड़कर पेश किया है। उन्होंने दावा किया कि वे वर्षों से गरीब बेटियों की शादी में सहयोग करते आ रहे हैं और बेटियों को देवी समान मानते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनकी किसी बात से किसी को ठेस पहुंची हो तो वे हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं।
राजनीतिक असर क्या होगा
हालांकि सफाई के बावजूद यह मामला अब सिर्फ बयान तक सीमित नहीं रह गया है। विपक्ष इसे महिला सम्मान, संवैधानिक मूल्यों और सत्ता के दंभ से जोड़कर देख रहा है। इस बयान का राजनैतिक असर क्या होता है वो तो आने वाला समय और खुद जनता ही तय करेगी।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com


कुर्मांचल बैंक को मिली नई कमान, प्रकाश चंद्र चौधरी अध्यक्ष और इंदर सिंह परिहार उपाध्यक्ष निर्वाचित
हल्द्वानी में प्रभु श्रीराम की भव्य बारात की तैयारियां पूरी, आज सजेगी मेंहदी..
अभिजीत, सौरव, आशुतोष और ध्रुव हिरासत में,, दिल्ली की किलेबंदी .. 250 ट्रेनें रद्द
IFS के तबादले, आदित्य रत्न को हल्द्वानी की जिम्मेदारी
नैनीताल/कैंचीधाम जाने से पहले देख लें ट्रैफिक प्लान, बॉर्डर पर रोकी जाएंगी ये गाड़ियां