हल्द्वानी: नहर में मिला लापता बुजुर्ग का शव, जेसीबी से निकाला गया बाहर..

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी के काठगोदाम क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉलटैक्स के पास नहर में एक बुजुर्ग का शव मिलने की सूचना मिली। बाद में उनकी पहचान अल्मोड़ा निवासी 65 वर्षीय प्रमोद राम के रूप में हुई, जो बीते दो दिनों से लापता थे।

सुबह टहलने निकले, फिर नहीं लौटे

अल्मोड़ा के ग्राम कलसीमा चोमू निवासी प्रमोद राम, पुत्र स्वर्गीय जमन राम, 9 फरवरी की सुबह रोज की तरह टहलने निकले थे, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटे। वह काठगोदाम के कलसिया पुल के पास अपने दो बेटों के साथ किराये के मकान में रह रहे थे। परिजनों द्वारा उनकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई गई थी।

जेसीबी की मदद से निकाला गया शव

बुधवार सुबह किसी राहगीर ने नहर में शव पड़े होने की सूचना 112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकालने की कोशिश की। नहर में पानी भरा होने और चौड़ीकरण कार्य के चलते काफी मशक्कत करनी पड़ी। जेसीबी की सहायता से शव बाहर निकाला गया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

बेटे ने की शिनाख्त

पहचान के दौरान किसी व्यक्ति ने प्रमोद राम को पहचान लिया और उनके बेटे संजय को सूचना दी। संजय ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त अपने पिता के रूप में की। उन्हें तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में हादसे की आशंका

प्रभारी थानाध्यक्ष काठगोदाम दिलीप कुमार ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला नहर में गिरने से मौत का प्रतीत हो रहा है।

परिजनों के अनुसार, प्रमोद राम की आंखों की रोशनी कमजोर थी। शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। आशंका है कि संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिर गए हों।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मृत्यु का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। प्रमोद राम के बेटे संजय ने बताया कि वह शादी समारोहों में वीडियोग्राफी का काम करता है और देर रात घर लौटता है, जिस कारण पिता के लापता होने की जानकारी समय पर नहीं मिल सकी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *