Alert : उत्तराखंड के इन जिलों में आज बारिश- बर्फबारी के आसार

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड में आज 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 2 जिलों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) देहरादून के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।


वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की आशंका है, जिससे सुबह के समय सड़कों पर विजिबिलिटी कम हो सकती है और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इधर ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड अपने चरम पर पहुंच चुकी है। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान माइनस 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो प्रदेश में सबसे कम है।

तापमान के आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश के 7 शहरों में न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। इसी ठंड के बीच चमोली जिले के औली में टावर नंबर-10 के पास जमी बर्फ देखने के लिए लगातार पर्यटक पहुंच रहे हैं और स्कीइंग का आनंद ले रहे हैं।

3000 मीटर से ऊपर बर्फ, अगले दो दिन भी राहत के आसार नहीं


मौसम विभाग के अनुसार जिन जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है, वहां 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। ऊंचाई ज्यादा होने के कारण इन इलाकों में तापमान लगातार माइनस में बना हुआ है।


मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की आशंका है।


मैदानों में दिन गर्म, रातें अब भी ठंडी
मैदानी इलाकों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, लेकिन रात की ठंड अभी पूरी तरह कम नहीं हुई है। ऋषिकेश में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

इसी तरह हल्द्वानी में दिन का तापमान 20 डिग्री और रात का 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

राजधानी देहरादून में आज मौसम मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। IMD देहरादून के अनुसार दिन के समय धूप निकल सकती है, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
आज देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल शहर के लिए बारिश या कोहरे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम…

10 फरवरी: मंगलवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है। 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं। राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

11 फरवरी: बुधवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश दर्ज हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। शेष जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है।

12 फरवरी: राज्य के सभी जिलों में गुरुवार को मौसम साफ रहेगा। बारिश या बर्फबारी को लेकर किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *