हल्द्वानी में अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग केंद्र पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी — दमुवाढूंगा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक एलपीजी गैस रिफिलिंग केंद्र पर आज उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह एवं नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई की गई। इस संयुक्त अभियान में आपूर्ति विभाग, नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की टीमों ने हिस्सा लिया।

निरीक्षण के दौरान टीम को मौके पर एक आवासीय भवन में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर 5 किलोग्राम और 8 किलोग्राम के सिलेंडरों तथा ऑटो रिक्शा में भरते हुए पाया गया। यह गतिविधि न केवल कानून का उल्लंघन थी, बल्कि जन सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी उत्पन्न कर रही थी।

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने 25 नग 5 किलोग्राम के छोटे सिलेंडर, एक 8 किलोग्राम का सिलेंडर एवं दो घरेलू गैस सिलेंडरों को जब्त किया। रिफिलिंग केंद्र का संचालन कर रहे व्यक्ति के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज की जा रही है, और उसके विरुद्ध गैस नियंत्रण आदेश व मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उपजिलाधिकारी राहुल शाह ने आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए हैं कि इस मामले में संबंधित भारत गैस एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गैस की आपूर्ति के स्रोत में कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई है। इसके साथ ही, विभिन्न गैस एजेंसियों और गोदामों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने कहा कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम और परिवहन विभाग मिलकर ऐसे ऑटो रिक्शा की जांच करेंगे जिनमें अवैध एलपीजी किट लगी हुई हैं। यदि कोई वाहन मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में तहसीलदार मनीषा बिष्ट, आपूर्ति निरीक्षक राहुल डांगी, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट सहित नगर निगम और राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही।

Ad
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -

👉 Join our WhatsApp Group

👉 Subscribe our YouTube Channel

👉 Like our Facebook Page