देहरादून सचिवालय में महिला अधिकारी से छेड़छाड़ का आरोप, हंगामे के बाद मुकदमा..


देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में एक महिला अधिकारी को कथित तौर पर परेशान करने, अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला अधिकारी की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी कर्मचारी पंकज सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले सचिवालय परिसर में कर्मचारियों ने आरोपी की पिटाई कर दी, जिसके बाद वहां हंगामे की स्थिति बन गई।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी पंकज सिंह सहकारिता विभाग में सचिव कार्यालय से संबद्ध चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है और उपनल के माध्यम से कार्यरत बताया गया है। महिला अधिकारी ने सचिवालय प्रशासन को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी ने पहले फेसबुक के जरिए उनसे संपर्क करने की कोशिश की। परेशान होकर ब्लॉक करने के बाद भी वह कथित तौर पर उनके मोबाइल पर लगातार फोन करता रहा।
महिला अधिकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में उनके कार्यालय पहुंचा और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की। शिकायत में घूरकर देख लेने की धमकी देने और अन्य कर्मचारियों से बदतमीजी करने के आरोप भी लगाए गए हैं। महिला अधिकारी ने लगातार परेशान किए जाने से अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
बुधवार को सचिवालय के एटीएम चौक पर मामले को लेकर हंगामा हुआ। सचिवालय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और अन्य कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
शहर कोतवाली पुलिस ने महिला अधिकारी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78, 79, 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, सचिवालय प्रशासन की ओर से आरोपी को हटाने और उसकी सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।



लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
GKM News is a reliable digital medium of latest news updates of Uttarakhand. Contact us to broadcast your thoughts or a news from your area. Email: newsgkm@gmail.com


देहरादून सचिवालय में महिला अधिकारी से छेड़छाड़ का आरोप, हंगामे के बाद मुकदमा..
उत्तराखंड_ सरकारी बोर्ड लगी बोलेरो का तांडव, कई गाड़ियों को रौंदा,आरोपी फरार
सिख फेडरेशन ने कहा_ सार्वजनिक माफी मांगें सुबोध उनियाल..
नैनीताल में गुंडा एक्ट के तहत 5 लोग जिला बदर, अब तक 103 पर कार्रवाई
1 नवंबर को उत्तराखंड पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू..